भारत की टीम 22 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च में पहले टी20 इंटरनेशनल के साथ अपने न्यूजीलैंड टूर की शुरुआत करेगी। ये सीरीज रन और विकेट के अकाउंट से कहीं ज्यादा खास है- मेजबान टीम के लिए यह एक कमर्शियल और साथ ही इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे मजबूत टीम में से एक के तौर पर अपनी बढ़ती साख को और मजबूत करने का मौका जबकि भारत के लिए, दुनिया भर में क्रिकेट में सबसे मुश्किल हालात में खेलने और आने वाले वर्ल्ड कप से पहले खुद को परखने का मौका।

लगभग 6 हफ्ते का टूर, कुल 12 इंटरनेशनल मैच (5-5 टी20 एवं वनडे इंटरनेशनल और दो टेस्ट) और इस तरह मैच की गिनती के हिसाब से ये न्यूजीलैंड क्रिकेट में सबसे बड़ा घरेलू इंटरनेशनल टूर है, जिसमें क्राइस्टचर्च, वेलिंगटन, ऑकलैंड, हैमिल्टन और टौरंगा में मैच खेले जाएंगे।

यह टूर भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों के 100 साल पूरे होने के जश्न के मौके से भी जुड़ा है। ये सम्बंध 1926 में भारतीय सेना की हॉकी टीम के न्यूजीलैंड टूर से बने थे। क्रिकेट की बात करें तो न्यूजीलैंड के साथ भारत के रिश्तों का इतिहास बड़ा दिलचस्प रहा है। 1967-68 में पहली बार न्यूजीलैंड टूर पर गए थे और भारतीय क्रिकेट के लिए ये बड़ा खास साबित हुआ। मंसूर अली खान पटौदी की टीम ने 4 टेस्ट की सीरीज 3-1 से जीती थी और ये भारत की विदेश में पहली टेस्ट सीरीज जीत थी।

पिछले कुछ सालों में भारत ने न्यूजीलैंड की जमीन पर सफलता और निराशा दोनों देखे हैं। 2008-09 के टूर में 1-0 से यादगार टेस्ट सीरीज जीत मिली और 1968 के बाद से वहां भारत ने पहली बार टेस्ट सीरीज जीती। 2013-14 का टूर बहुत कड़े मुकाबले वाला रहा, जबकि 2019-20 के टूर में 2-0 से टेस्ट सीरीज हार गए थे।

तब से दोनों टीमों के बीच टक्कर और भी जबरदस्त हो गई। न्यूजीलैंड ने 2019 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल और 2021 में पहली वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भारत को हराया। इसके जवाब में भारत ने 2023 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल और 2024 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में जीत हासिल की। दोनों टीमें 2026 टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में फिर से आमने-सामने थीं।

इसकी तुलना में अक्टूबर-नवंबर 2024 में, न्यूजीलैंड, भारत में तीन टेस्ट की सीरीज में भारत को 3-0 के क्लीन स्वीप से हराने वाली पहली टीम बनी।न्यूजीलैंड ने भारत में अपनी पहली दो देशों के बीच वनडे सीरीज भी जीती- जनवरी 2026 में तीन मैचों की यह सीरीज 2-1 से जीते थे।

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने इस बात को छिपाया नहीं कि भारत के मौजूदा टूर से होने वाली कमाई से उनके अगले दो या तीन साल तक के क्रिकेट को प्रमोट करने के प्रोजेक्ट में बड़ी मदद मिलेगी। जुलाई 2026 में खत्म हुए फाइनेंशियल ईयर में उन्हें 7.3 मिलियन न्यूजीलैंड डॉलर का घाटा हुआ था जबकि अगले फाइनेंशियल ईयर के लिए 10 मिलियन न्यूजीलैंड डॉलर के मुनाफे का अनुमान है और स्पष्ट है इसमें भारत टूर की भूमिका खास होगी।

क्रिकेट के नजरिए से ये टूर न्यूजीलैंड जैसे एक छोटे देश के लिए, कामयाबी के मंच पर दर्शकों की भीड़ से कहीं ज्यादा, होने वाली कमाई से उस सिस्टम की मदद करेगा जो न्यूजीलैंड के लिए अगली पीढ़ी के क्रिकेटर तैयार करता है। उन्हें भारत से 'हीरो मोटोकॉर्प' और नई कंपनी 'Ai+ स्मार्टफोन' से बड़े स्पांसर कॉन्ट्रैक्ट तो मिल भी गए हैं।

टूर में वनडे सीरीज को सबसे ज्यादा चर्चा मिल रही है क्योंकि यह 2027 वर्ल्ड कप से पहले भारत को अपने वाइट बॉल रिसोर्स (लिमिटेड ओवर क्रिकेट के लिए खिलाड़ियों) को परखने का एक बड़ा अच्छा मौका होगा। इससे न्यूजीलैंड के फ़ैन्स को आधुनिक भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज खिलाड़ियों, विराट कोहली और रोहित शर्मा को उस अकेले फॉर्मेट में खेलते देखने का मौका मिलेगा, जिसमें वे अभी भी खेल रहे हैं। इस वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड के खिलाड़ी वह खास जर्सी पहनेंगे जो दोनों देशों के बीच खेल संबंधों के 100 साल पूरे होने के प्रतीक के तौर पर बनाई है।

साफ है कि न्यूजीलैंड, टीम में इन दोनों की मौजूदगी से बने माहौल का फायदा उठाना चाहता है। उधर इन दोनों खिलाड़ियों के लिए भी अपने व्यक्तिगत रिकॉर्ड में एक बड़ी कमी को दूर करने का संभवतः आखिरी मौका है। SENA देशों में, अकेले न्यूजीलैंड में रोहित शर्मा ने कोई 100 नहीं लगाया है जबकि विराट कोहली कभी 'प्लेयर ऑफ़ द मैच' नहीं चुने गए।

दोनों देशों के बीच क्रिकेट का अंतर भी साफ दिखता है। एक तरफ भारत के पास क्रिकेट के लिए हर संसाधन है और दुनिया भर में बड़ी तादाद में उनके फैंस हैं, तो दूसरी तरफ़ न्यूजीलैंड भले ही छोटा देश लेकिन यहां बड़ा मजबूत और प्रतिस्पर्धी क्रिकेट सिस्टम है। फिर भी, इन दोनों देश के बीच आपसी क्रिकेट प्रतिद्वंद्विता का इतिहास बताता है कि आकार और संसाधन जीत की गारंटी नहीं होते। न्यूजीलैंड मीडिया इस सीरीज को '1.48 अरब लोग बनाम 50 लाख लोग' का मुकाबला कह रहा है।

Also Read: LIVE Cricket Score

जब इस सीरीज में, क्राइस्टचर्च में पहली गेंद फेंकी जाएगी, तो यह मुकाबला खेल-भावना वाली दोस्ती की सौ साल पुरानी विरासत और दोनों टीमों के जहन में हालिया मुकाबले की ताजा यादों के साथ शुरू होगा। नोट कीजिए- इस टूर से पहले, भारत ने न्यूजीलैंड में कभी भी नवंबर में टेस्ट मैच नहीं खेले हैं। एक समय था जब अकेले न्यूजीलैंड टूर पर जाने के बजाय ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड टूर एक साथ करते थे। अब, बेहतर यात्रा सुविधाओं और संसाधनों की वजह से, क्रिकेट सीरीज के लिए न्यूजीलैंड टूर उतना मुश्किल नहीं रह गया है।

लेखक के बारे में

Charanpal Singh Sobti
Charanpal Singh Sobti is a veteran cricket writer with more than five decades of experience covering the game. At Cricketnmore, he brings his extensive knowledge, unique perspective and deep understanding of cricket to readers through insightful news, analysis, historical pieces and fascinating stories from the world of cricket. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार