Karn Sharma IPL 2026: अबू धाबी में हुए IPL 2026 के मिनी-ऑक्शन के बाद जिन कुछ खबर ने हैरान किया, उनमें से एक ये भी थी कि कर्ण शर्मा (खब्बू बल्लेबाज और लेग ब्रेक गेंदबाज) अनसोल्ड रह गए। इस अनुभवी लेग-स्पिनर (बेस प्राइस 50 लाख रुपये) पर किसी भी टीम ने कोई खास ध्यान नहीं दिया; लेकिन जो उन्हें जानते हैं, उन्होंने फ़ौरन महसूस किया कि सभी 10 टीम ने इस 'लकी चार्म' को, अपने कैंप में शामिल करने का मौका गंवा दिया। अब तक सनराइजर्स हैदराबाद, मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेले हैं आईपीएल में और विश्वास कीजिए अपने सिर्फ 90 मैच के आईपीएल करियर में 3 टाइटल जीते हैं।
खास तौर पर 2017 सीजन में वे मुंबई इंडियंस के लिए एक सुपरस्टार थे: 9 पारी में 6.97 की इकॉनमी से 13 विकेट और टीम को उनका तीसरा आईपीएल टाइटल दिलाने में ख़ास रोल निभाया था (क्वालीफायर 2 में 4/16 का शानदार प्रदर्शन शामिल है)। आईपीएल 2025 में भी प्रदर्शन ख़राब नहीं था; 6 मैच में 8.53 की इकॉनमी से 7 विकेट और चोटिल होने तक, अपनी 'फिरकी' से सामने के बल्लेबाजों को खूब बांधे रखा था और मुंबई ने इससे मैच जीते। तब भी, शायद उनकी 38+ की उम्र और फिटनेस का फैक्टर उनके साथ न रहा और 2026 के लिए किसी टीम ने भी उनमें दिलचस्पी नहीं दिखाई।
आईपीएल 2025 तक के 18 सीजन में से 12 में खेले और 3 में विजेता का मेडल जीता है, और वह भी लगातार तीन साल आईपीएल ट्रॉफी जीतकर। यह आईपीएल में एक दुर्लभ उपलब्धि है, जिसकी बराबरी किसी के लिए भी मुश्किल रहेगी। और भी ख़ास बात ये कि ये तीन टाइटल, तीन अलग-अलग फ्रेंचाइजी के साथ जीते जो किसी अजूबे से कम नहीं:]
• 2016: सनराइजर्स हैदराबाद के साथ आईपीएल जीते लेकिन उन्हें रिलीज़ कर दिया।
• 2017: मुंबई इंडियंस ने खरीदा, टाइटल जीता, और शानदार प्रदर्शन के बावजूद रिटेन नहीं किया।
• 2018: चेन्नई सुपर किंग्स ने खरीदा और इस बार वे टाइटल जीते।
मेरठ ने क्रिकेट को लगातार बेहतरीन गेंदबाज दिए हैं, लेकिन जहां प्रवीण कुमार और भुवनेश्वर कुमार पेसर थे, कर्ण शर्मा एक लेग स्पिनर हैं। एक अनकैप्ड के तौर पर, 2009 में आरसीबी ने 20 लाख रुपये के कॉन्ट्रैक्ट पर लिया, 1 मैच खिलाया और भुला दिया। 2013 में, हैदराबाद टीम ने 30 लाख रुपये के अनकैप्ड कॉन्ट्रैक्ट पर लिया लेकिन सीजन में 13 मैच खेले: 6.60 की इकॉनमी से 11 विकेट और भारत के लेग स्पिनर अमित मिश्रा के साथ मिलकर ऐसी ज़बरदस्त जोड़ी बनाई कि टीम को उसके पहले ही सीजन में सेमीफाइनल तक पहुंचाया।
2014 में पहली बार वे सही मायने में नीलाम पर थे और उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद ने ही 3.75 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट दे दिया। तब भी वे थे तो घरेलू अनकैप्ड पर बीसीसीआई की बदली गाइडलाइन का फायदा मिल गया। ये उस नीलाम में किसी भी घरेलू अनकैप्ड पर खर्च की सबसे बड़ी रकम थी। जवाब में, 25.06 की औसत से 15 विकेट लिए। इन दो सीज़न के प्रदर्शन की बदौलत न सिर्फ़ 'इंडिया ए' टीम से कॉल आया, सिर्फ 4 महीने के अंदर ही भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में डेब्यू कर लिया था। किसी भी भारतीय क्रिकेटर के लिए ये अनोखी उपलब्धि है:
सितंबर 2014 में इंग्लैंड के विरुद्ध टी20 इंटरनेशनल डेब्यू: 1 मैच और 1 विकेट।
नवंबर 2014 में श्रीलंका के विरुद्ध वनडे इंटरनेशनल डेब्यू: 2 मैच और कोई विकेट नहीं मिला।
दिसंबर 2014 में ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध टेस्ट डेब्यू: 1 टेस्ट, 4 विकेट लिए और दोनों पारी में अपने आईपीएल टीम के साथी डेविड वॉर्नर को आउट किया।
भारत की पुरुष टीम के लिए तीनों फॉर्मेट में डेब्यू में तेजी का रिकॉर्ड देखिए: 14 दिन में - मुकेश कुमार, 44 दिन - टी. नटराजन, 59 दिन - भुवनेश्वर कुमार, 76 दिन - हर्षित राणा और 93 दिन - कर्ण शर्मा। कर्ण उन 5 खिलाड़ियों में से एक हैं जो सिर्फ 4 इंटरनेशनल मैच खेले और उसमें भी तीनों फॉर्मेट में खेल गए:
भारत के नमन ओझा (1 टेस्ट, 1 वनडे और 2 टी20 इंटरनेशनल)
भारत के कर्ण शर्मा (1-2-1)
इंग्लैंड के स्कॉट बोर्थविक (1-2-1)
ज़िम्बाब्वे के चार्ल्टन त्शुमा (1-2-1)
अफ़गानिस्तान के मोहम्मद सलीम (1-2-1)
सिर्फ़ नॉनखुलुलेको पीसफ़ुल थाबेथे, दक्षिण अफ़्रीका की महिला क्रिकेटर का रिकॉर्ड इनसे बेहतर है। उन्होंने 2014 के भारत टूर पर तीनों फॉर्मेट में अपना डेब्यू किया था और उसके बाद और कोई इंटरनेशनल मैच नहीं खेला।
2015 में भी, कर्ण हैदराबाद के मुख्य स्पिनर थे और 2016 सीजन में तो टीम के साथ आईपीएल टाइटल भी जीता। नोट करने वाली बात ये कि जहां सनराइजर्स ने उन्हें हर सीजन में 10 या उससे ज़्यादा मैच में खिलाया, और किसी भी टीम ने उनका ऐसा इस्तेमाल नहीं किया।
आईपीएल 2017: मुंबई ने 3.2 करोड़ रुपये में खरीदा और कर्ण ने अपना दूसरा आईपीएल टाइटल जीता (फ़ाइनल में, 4 ओवर में सिर्फ 18 रन दिए, 12 डॉट बॉल थीं)।
आईपीएल 2018: चेन्नई ने 5 करोड़ रुपये में खरीदा और टीम के साथ अपना तीसरा आईपीएल टाइटल जीता।
इसके बाद चेन्नई ने उन्हें रिटेन तो किया, लेकिन खिलाया नहीं दिया। इस फैक्ट ने करियर को झटका दिया और 2021 और 2022 आईपीएल सीजन में कहीं नाम न था। तब भी आरसीबी ने खरीदा, 2023 और 2024 सीजन में खेले। आईपीएल 2025 के लिए मुंबई कैंप में वापसी हुई और यही अब तक तो आख़िरी सीजन है।
Also Read: LIVE Cricket Score
चरनपाल सिंह सोबती