Australia U19 Team: भारतीय मूल के युवा क्रिकेटर नील पटेल (Neel Patel) ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम में जगह बनाकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। महज 16 साल के नील पटेल सितंबर में भारत दौरे पर आने वाली 16 सदस्यीय ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा होंगे।
इस दौरे पर ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम भारत अंडर-19 के खिलाफ तीन वनडे और दो चार दिवसीय मुकाबले खेलेगी। यह मुकाबले 13 सितंबर से 19 अक्टूबर के बीच राजकोट और अहमदाबाद में खेले जाएंगे। नील पटेल के लिए यह चयन उनके करियर का अब तक का सबसे बड़ा मौका माना जा रहा है।
नील पटेल मूल रूप से भारतीय परिवार से ताल्लुक रखते हैं और मौजूदा समय में न्यू साउथ वेल्स में क्रिकेट खेलते हैं। वह मुख्य रूप से ओपनिंग बल्लेबाज हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं। नील ने यूनिवर्सिटी ऑफ न्यू साउथ वेल्स (UNSW) क्रिकेट क्लब से खेलते हुए अपनी पहचान बनाई। महज 16 साल की उम्र में उन्होंने सिडनी प्रीमियर क्रिकेट फर्स्ट ग्रेड में एक ही कैलेंडर वर्ष में 1000 से ज्यादा रन बनाकर रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया।
इसके बाद नील ने अपना पहला फर्स्ट ग्रेड शतक भी लगाया और लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करते रहे। उनके शानदार खेल का इनाम उन्हें तब मिला जब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें एडिलेड में आयोजित अंडर-19 मेन्स टैलेंट कैंप के लिए चुना। इस कैंप में ऑस्ट्रेलिया के सबसे होनहार युवा खिलाड़ियों को बुलाया जाता है।
फिलहाल नील पटेल न्यू साउथ वेल्स की जूनियर टीम का हिस्सा हैं। बल्लेबाजी में उनकी सबसे बड़ी खासियत यह मानी जाती है कि वह लंबी पारी खेलने की क्षमता रखते हैं और आसानी से अपना विकेट नहीं गंवाते। साथ ही उनकी ऑफ स्पिन गेंदबाजी टीम को एक अतिरिक्त विकल्प भी देती है।
Also Read: LIVE Cricket Score
भारत दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम:
केसी बार्टन, हेडन बारबुलोविक, एली ब्रेन, विल बायरोम, ब्लेक कैटल, जैक कज़ोसनेक, स्पेंसर ग्रीन, कॉनर ग्रेगरी, चार्ली हेंडरसन, जेड होलिक, मैथ्यू लॉफ, नील पटेल, जैकब पीट्ज़, पैट्रिक सुलिवन, थियो त्सिंगोस और थॉमस वासेओ।