भारत और श्रीलंका के बीच गुरुवार (27 अगस्त) को खत्म हुई दो मैचों की टेस्ट सीरीज में एक श्रीलंकाई बल्लेबाज ने अपने प्रदर्शन से खास छाप छोड़ी। सीरीज में लगातार बड़ी पारियां खेलने के बाद उन्होंने एक ऐसी रिकॉर्ड लिस्ट में अपने नाम दर्ज करवा लिया, जिसमें इससे पहले सिर्फ दो बल्लेबाज ही शामिल थे। उनकी टीम सीरीज जीतने में भले ही नाकाम रही, लेकिन उनका बल्ला जमकर बोला।

Advertisement

25 साल के सोनल दिनुषा ने कोलंबो टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाकर श्रीलंका को मुश्किल स्थिति से बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई। पहली पारी में उन्होंने 162 गेंदों का सामना करते हुए 103 रन बनाए। उनकी इस पारी में 8 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। इसके बाद दूसरी पारी दिनुषा ने 264 गेंदों पर नाबाद 133 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 8 चौके और 2 छक्के निकले। दिनुषा की इस पारी के दम पर श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी 9 विकेट खोकर 429 के स्कोर पर घोषित की और मुकाबला ड्रॉ कराने में कामयाब रही।

सोनल दिनुषा अपने इस दमदार प्रदर्शन के चलते भारत के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में तीन शतक लगाने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह कारनामा श्रीलंका के अरविंद डी सिल्वा और साउथ अफ्रीका के हाशिम अमला कर चुके हैं।

अरविंद डी सिल्वा ने 1997 में किया था कारनामा
भारत और श्रीलंका के बीच 1997 में खेली गई दो मैचों की टेस्ट सीरीज में श्रीलंका के पूर्व ऑलराउंडर अरविंद डी सिल्वा ने शानदार बल्लेबाजी की थी। उन्होंने इस सीरीज की तीन पारियों में कुल 392 रन बनाए थे और इस दौरान उनके बल्ले से तीन शतक निकले थे। उनका औसत 130.66 रहा था।

हाशिम अमला ने 2010 में मचाया था धमाल
इसके बाद साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज हाशिम अमला ने 2010 में भारत के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में यह कारनामा दोहराया। अमला ने तीन पारियों में 490 रन बनाए और सीरीज में तीन शतक जड़े।

दिनुषा ने चार पारियों में बनाए 420 रन
अब सोनल दिनुषा इस खास लिस्ट का हिस्सा बन गए हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की चार पारियों में कुल 420 रन बनाए। उनका औसत 140.00 रहा, जबकि उन्होंने तीन शतक और एक अर्धशतक लगाया।

Also Read: LIVE Cricket Score

भारत ने सीरीज 1-0 से अपने नाम की, लेकिन सोनल दिनुषा का प्रदर्शन श्रीलंका के लिए सबसे बड़ी सकारात्मक बात रहा। खासकर कोलंबो टेस्ट की दोनों पारियों में लगाए गए शतकों ने उन्हें भारत के खिलाफ इस खास उपलब्धि हासिल करने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल करा दिया।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार