Top-5 Players Who Conceded Most Runs In An Innings For ICC Women's T20 World Cup History: आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप का 10वां संस्करण इंग्लैंड और वेल्स में खेला जाएगा। ये टूर्नामेंट 12 जून से शुरू होगा। तो आइए आज इस खास आर्टिकल के जरिए हम आपको बताते हैं उन पांच खिलाड़ियों के नाम जिन्होंने इस टूर्नामेंट के एक मुकाबले में सबसे ज्यादा रन लुटाने का शर्मनाक रिकॉर्ड बनाया।
5. चार्ली डीन (Charlie Dean): इस अनचाही रिकॉर्ड लिस्ट में पांचवीं पॉजिशन पर इंग्लैंड की 25 साल की स्पिन गेंदबाज़ चार्ली डीन हैं। उन्होंने साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज के सामने बेहद ही महंगा स्पेल डाला था और दुबई के मैदान पर 11.50 की इकोनॉमी से 4 ओवर में बिना कोई विकेट लिए 46 रन लुटाए थे।
4. शशिकला सिरिवर्धने (Shashikala Siriwardene): महिला टी20 वर्ल्ड कप में सबसे महंगा स्पेल डिलीवर करने वाली टॉप-5 खिलाड़ियों की शर्मनाक लिस्ट में श्रीलंकाई दिग्गज शशिकला सिरिवर्धने भी मौजूद हैं। वो अपने देश के लिए ऑफ ब्रेक गेंदबाज़ी करती थी और उन्होंने साल 2018 के वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज के सामने सिर्फ एक विकेट लेकर 4 ओवर में 46 रन खर्चे थे।
3. निदा डार (Nida Dar): इस अनचाही रिकॉर्ड लिस्ट में तीसरी पॉजिशन पर पाकिस्तान की पूर्व कप्तान और दिग्गज ऑलराउंडर निदा डार हैं। 160 टी20 इंटरनेशनल खेलने वाली इस दिग्गज ने साल 2023 के टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के सामने 11.75 की इकोनॉमी से 4 ओवर में 47 रन लुटा दिए थे। इस मुकाबले में वो सिर्फ एक विकेट ही चटका पाईं थी।
2. इमर रिचर्डसन (Eimear Richardson): आईसीसी वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप के एक मुकाबले में दूसरा सबसे महंगा स्पेल डालने का शर्मनाक रिकॉर्ड आयरिश क्रिकेटर इमर रिचर्डसन के नाम दर्ज है। जान लें कि इमर एक हरफमौला खिलाड़ी थी, जिन्होंने साल 2014 के वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया के सामने 12.50 की इकोनॉमी से अपने 4 ओवर में 50 रन दे दिए थे। हालांकि इस मैच में उन्होंने एक विकेट भी झटका था।
Also Read: LIVE Cricket Score
1. शिखा पांडे (Shikha Pandey): शायद आपको यकीन ना हो, लेकिन ICC महिला टी20 वर्ल्ड कप के एक मैच में सर्वाधिक रन देने का अनचाहा रिकॉर्ड भारतीय दिग्गज ऑलराउंडर शिखा पांडे के नाम दर्ज है। गौरतलब है कि साल 2020 के टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने उन्हें आड़े हाथ लिया था और मेलबर्न के मैदान पर उनके 4 ओवर में पूरे 52 रन ठोके थे। इस मुकाबले में शिखा एक भी विकेट नहीं ले पाई थी।