महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच भारतीय टीम को बड़ा झटका तब लगा जब ऑफ स्पिनर श्रेयंका पाटिल चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। उनकी जगह 24 वर्षीय स्पिनर प्रेमा रावत को टीम में शामिल किया गया है। आइए इस खास आर्टिकल के जरिए जानते हैं आखिर कौन हैं प्रेमा रावत और कैसे उन्होंने भारतीय टीम तक का सफर तय किया।
इंग्लैंड में खेले जा रहे महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा। ऑफ स्पिनर श्रेयंका पाटिल बुधवार (17 जून) को नीदरलैंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले के दौरान टखने में चोट लगने के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। इसके बाद भारतीय टीम ने शुक्रवार (19 जून) को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अधिकारिक घोषणा करते हुए उनकी जगह 24 वर्षीय स्पिनर प्रेमा रावत को स्क्वॉड में शामिल किया है। आईसीसी की इवेंट टेक्निकल कमेटी ने भी इस बदलाव को मंजूरी दे दी है और प्रेमा जल्द ही टीम के साथ जुड़ सकती हैं।
उत्तराखंड से आने वाली प्रेमा रावत पिछले कुछ समय से भारतीय महिला क्रिकेट में तेजी से उभरता हुआ नाम रही हैं। उन्होंने इसी साल फरवरी में खेले एसीसी महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 टूर्नामेंट में भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी। इस टूर्नामेंट में उन्होंने पांच मैचों में 9.63 की औसत से आठ विकेट हासिल किए थे और टीम की सफलता में बड़ा योगदान दिया था।
इसके अलावा प्रेमा ने पिछले साल भारत ए टीम के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी शानदार प्रदर्शन किया था। तीन टी20 मुकाबलों में उन्होंने 9.28 की औसत से सात विकेट चटकाए थे और इस सीरीज की संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज रही थीं। राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट के फाइनल में भी उन्होंने कमाल का प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में सिर्फ 12 रन देकर तीन विकेट लिए थे। उस मुकाबले में भारत 134 रन के लक्ष्य का बचाव कर रहा था और प्रेमा की गेंदबाजी जीत की सबसे बड़ी वजह बनी थी।
उनकी प्रतिभा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महिला प्रीमियर लीग 2025 की ऑक्शन में उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 1.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। हालांकि महिला प्रीमियर लीग में उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले और उन्होंने आरसीबी के लिए खेलते हुए अभी तक छह मैचों में तीन विकेट हासिल किए हैं। लेकिन इसके बाद उन्हें इंडिया ए टीम में जगह मिली और अब वह भारतीय सीनियर टीम का हिस्सा बन गई हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
भारत का अगला मुकाबला रविवार (21 जून) को साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला जाएगा। ऐसे में प्रेमा रावत पर भी सभी की नजरें रहेंगी कि वह बड़े मंच पर मिले इस मौके का कितना फायदा उठा पाती हैं।