ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन सिर में चोट (कनकशन) लगने के कारण तस्मानिया के खिलाफ वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के अगले शेफील्ड शील्ड मैच में नहीं खेल पाएंगे। हालांकि, राहत की बात यह है कि उनकी चोट ज्यादा गंभीर नहीं मानी जा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि ग्रीन 9 दिसंबर से पर्थ में न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच तक पूरी तरह फिट हो जाएंगे।
होबार्ट में इंग्लैंड के विरुद्ध आखिरी वनडे मैच के दौरान, तेज गेंदबाज गस एटकिंसन की एक गेंद ग्रीन के हेलमेट पर लगी थी। उस समय ऑस्ट्रेलिया 329 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही थी और ग्रीन छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे थे। हालांकि, 10 गेंदों में महज 3 रन बनाकर आउट हो गए। 'कनकशन सब्स्टिट्यूट' नियम के तहत उनकी जगह ओलिवर पीक को टीम में शामिल किया गया।
'क्रिकइन्फो' के अनुसार, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने पुष्टि की है कि ग्रीन की सेहत में सुधार हो रहा है और वह 'कनकशन प्रोटोकॉल' से गुजरेंगे। इस प्रक्रिया के कारण वह सोमवार को होने वाले शेफील्ड शील्ड मैच में नहीं खेल पाएंगे, लेकिन मेडिकल टीम को उम्मीद है कि वह न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध रहेंगे।