भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शनिवार को इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय अंडर-19 महिला टीम की घोषणा की। 15 सदस्यीय टीम की कमान भाविका अहीरे को सौंपी गई है, जबकि अनादि तगड़े को उप-कप्तान बनाया गया है।
यह टी20 सीरीज 26 नवंबर से 6 दिसंबर तक वडोदरा और सूरत में खेली जाएगी। यह सीरीज जनवरी में होने वाले आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप 2027 की तैयारियों के लिहाज से काफी अहम होगी। सीरीज की शुरुआत 26 नवंबर को वडोदरा में पहले टी20 मैच से होगी और दूसरा मैच भी 28 नवंबर को इसी मैदान पर खेला जाएगा। ये दोनों मैच क्रमशः शाम 6 बजे और दोपहर 1 बजे शुरू होंगे।
इसके बाद सीरीज सूरत में आगे बढ़ेगी, जहां 1, 3 और 6 दिसंबर को बाकी तीन मैच खेले जाएंगे। तीसरा और चौथा टी20 मैच शाम 6 बजे शुरू होगा, जबकि आखिरी मैच दोपहर 1 बजे खेला जाएगा। यह सीरीज युवा भारतीय टीम के लिए अपने कॉम्बिनेशन को परखने और बड़े टूर्नामेंट से पहले लय हासिल करने का एक बेहतरीन मौका होगी।