माउंट माउंगानुई, 26 जनवरी (CRICKETNMORE)| भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यहां बे-ओवल मैदान पर खेले जा रहे दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 324 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया है।
भारत को इस स्कोर तक पहुंचाने में रोहित शर्मा (87) और शिखर धवन (66) का अहम योगदान रहा। इन दोनों ने टीम को मनमाफिक शुरुआत दी। इन दोनों के जाने के बाद बीच के ओवरों में भारत का 300 के पार जाना मुश्किल लग रहा था, लेकिन महेंद्र सिंह धोनी (नाबाद 48) और केदार जाधव (नाबाद 22) ने टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। धोनी और जाधव ने आखिरी ओवर में 21 रन जोड़े।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का भारत का फैसला सही साबित हुआ। रोहित और धवन की सलामी जोड़ी ने टीम को मजबूत शुरुआत दी। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 154 रन जोड़े। यह इन दोनों के बीच 14वीं शतकीय साझेदारी थी।