बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने बांग्लादेश प्रीमियर लीग (बीपीएल टी20) के 12वें सीजन के दौरान कथित भ्रष्ट गतिविधियों में शामिल होने या अवैध गतिविधियों की जांच में बाधा डालने के आरोप में टीम के अधिकारियों, फ्रेंचाइजी मालिकों और कुछ खिलाड़ियों के खिलाफ आरोप तय किए हैं। इन सभी पर आईसीसी एंटी-करप्शन कोड फॉर पार्टिसिपेंट्स के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन करने का आरोप है।
ये आरोप बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड इंटीग्रिटी यूनिट (बीसीबीआईयू) की तरफ से हुई जांच के आधार पर लगाए गए हैं। ये जांच कथित भ्रष्टाचार, सट्टेबाजी की गतिविधियों, भ्रष्टाचार-रोधी जांच में सहयोग न करने और बीपीएल टी20 के 12वें सीजन से जुड़ी जांचों में रुकावट डालने के मामलों से संबंधित हैं।
जांच में कथित सट्टेबाजी से जुड़ी गतिविधियां, भ्रष्टाचार के लिए संपर्क करना, कोड के अनुच्छेद 4.3 के तहत जारी 'डिमांड नोटिस' का पालन न करना, जरूरी बातचीत को छिपाना या मिटाना, और 'डेजिग्नेटेड एंटी-करप्शन ऑफिशियल' (डीएसीओ) के साथ सहयोग न करना शामिल है। आरोपियों में मोहम्मद लबलुर रहमान (टीम मैनेजर), मो. तौहिदुल हक तौहिद (फ्रेंचाइजी के सह-मालिक), अमित मजूमदार (घरेलू क्रिकेटर) और रिजवान कबीर सिद्दीकी (टीम मैनेजर) शामिल हैं।