क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को बताया कि ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाज मेगन शट को प्रिस्क्रिप्शन दवाओं के इस्तेमाल से जुड़े नियमों का पालन न करने के कारण दो मैचों के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने कहा कि इन दो मैचों के प्रतिबंध में सभी अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट मैच शामिल हैं। इसके चलते यह तेज गेंदबाज गुरुवार को नॉर्थ सिडनी ओवल में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले तीसरे और आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच में नहीं खेल पाएंगी। इसके साथ ही वह 31 अक्टूबर को मेलबर्न स्टार्स के खिलाफ 'वेबर डब्ल्यूबीबीएल 12' में एडिलेड स्ट्राइकर्स के पहले मैच में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगी।
सीए ने एक बयान में कहा, "यह उल्लंघन स्पोर्ट्स साइंस और स्पोर्ट्स मेडिसिन दिशानिर्देशों के तहत प्रिस्क्रिप्शन दवाओं से जुड़े नियमों का पालन न करने के कारण हुआ है।"