भारत के पूर्व सहायक कोच अभिषेक नायर का मानना है कि न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी के मुकाबले गेंदबाजी में ज्यादा असरदार साबित हो सकते हैं। नायर ने इसके पीछे दुबे के अंतरराष्ट्रीय अनुभव, पिच से बाउंस निकालने की क्षमता और दबाव वाले मैचों में उनके प्रदर्शन का हवाला दिया है। नायर ने कुलदीप यादव की रिस्ट-स्पिन को भी भारत के लिए एक बड़ा फायदा बताया, खासकर तब जब पिच से गेंद को ज्यादा मूवमेंट न मिल रही हो।
यह बताते हुए कि दुबे गेंदबाजी के लिए एक ज्यादा भरोसेमंद विकल्प क्यों हो सकते हैं, नायर ने घरेलू फ्रेंचाइजी क्रिकेट और भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल मैचों में खेलने के बीच के अंतर पर जोर दिया। नीतीश कुमार रेड्डी ने सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है, जबकि अहम अंतरराष्ट्रीय मैचों में शिवम दुबे का योगदान उन्हें टीम के मौजूदा कॉम्बिनेशन में एक बेहतर विकल्प बनाता है।
अभिषेक नायर ने 'जियोस्टार' से बात करते हुए कहा, "मुझे लगता है कि शिवम दुबे पर ज्यादा भरोसा किया जा सकता है, क्योंकि उन्होंने भारत के लिए पहले भी ऐसा करके दिखाया है। नीतीश कुमार रेड्डी ने एसआरएच के लिए अच्छी गेंदबाजी की है, लेकिन दुर्भाग्य से भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल मैचों में उन्होंने अभी तक वैसी भूमिका नहीं निभाई है। वर्ल्ड कप के दौरान हमने देखा था कि बड़े मैचों में शिवम दुबे ने अपने बाउंसर, सटीक लाइन और शॉर्ट-पिच गेंदों की मदद से महत्वपूर्ण विकेट लिए थे। इसी कारण कुल मिलाकर मुझे लगता है कि शिवम दुबे पर ज्यादा भरोसा किया जा सकता है।"