भारत के पूर्व स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन ने अपने आईपीएल करियर और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के साथ शुरुआती दिनों को याद करते हुए एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। अश्विन ने बताया कि जब 2009 की नीलामी में सीएसके ने श्रीलंका के महान स्पिनर मुथैया मुरलीधरन को टीम में शामिल किया, तब उन्हें लगा था कि अब उनके लिए टीम में जगह बनाना मुश्किल हो जाएगा।
चेन्नई के रहने वाले 39 वर्षीय अश्विन ने अपनी घरेलू फ्रेंचाइजी, चेन्नई सुपर किंग्स, के साथ आईपीएल में अपना सफर शुरू किया था और दो खिताब भी जीते। 2025 की नीलामी में अश्विन की घर वापसी हुई और उन्हें सीएसके ने 9.75 करोड़ रुपये में खरीदा। वहीं, 2026 के सीजन की शुरुआत से पहले अश्विन ने अपने रिटायरमेंट का ऐलान किया।
अश्विन ने सीएसके में अपने चयन का रास्ता बनाने का श्रेय अपने दिवंगत गुरु वीबी चंद्रशेखर को भी दिया। उन्होंने 'जियोस्टार' के साथ बात करते हुए बताया, "मैं उनका हमेशा शुक्रगुजार रहूंगा। लोग आपकी जिंदगी में आते हैं, आपके लिए एक रास्ता बनाते हैं, और फिर आगे बढ़ जाते हैं और मेरे लिए वह इंसान वीबी चंद्रशेखर थे। वह अब हमारे बीच नहीं हैं और उनकी जिंदगी बहुत जल्दी चली गई। चेन्नई के लीग क्रिकेट में, मैं पचायप्पा के मैदान पर एमआरएफ के खिलाफ केमप्लास्ट के लिए खेल रहा था, जब टी20 फॉर्मेट नया था और लोगों को लगता था कि स्पिनरों का कोई रोल नहीं है, खासकर फिंगर स्पिनरों का।"