ऑस्ट्रेलिया के हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने संकेत दिए हैं कि देश के प्रमुख टेस्ट क्रिकेटरों को अगले साल होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपनी भागीदारी को लेकर मुश्किल फैसले लेने पड़ सकते हैं, क्योंकि टीम अपने इंटरनेशनल कैलेंडर के सबसे व्यस्त दौर में से एक के लिए तैयारी करेगी।
ऑस्ट्रेलिया को अगले 12 महीनों में 20 टेस्ट और 14 व्हाइट-बॉल इंटरनेशनल मैच खेलने हैं। इनमें भारत में होने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज भी शामिल है। टेस्ट फॉर्मेट की 150वीं वर्षगांठ के मौके पर इंग्लैंड के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया एक टेस्ट खेलेगा, जबकि इंग्लिश टीम से कंगारुओं की एशेज सीरीज में भी भिड़ंत होगी।
आईपीएल 2027 के मार्च के मध्य से मई के अंत तक चलने की उम्मीद है। जून में संभावित वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल से पहले का समय ही ऐसा रहता है जब ऑस्ट्रेलियाई टीम इंटरनेशनल क्रिकेट से थोड़े समय के लिए ब्रेक लेती है। हालांकि, मैकडोनाल्ड ने इस बात पर जोर दिया कि आईपीएल ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी प्रबंधन रणनीति का एक अहम हिस्सा है और उनका मानना है कि इस प्रतियोगिता में खेलने से टीम के प्रमुख क्रिकेटरों को फायदा हो सकता है।