दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट, श्रीलंका की बल्लेबाज इमेशा दुलानी और ब्राजील की ऑल-राउंडर लौरा कार्डोसा को अप्रैल महीने की श्रेष्ठ महिला खिलाड़ी के पुरस्कार के लिए नामित किया गया है।
पिछले तीन महीने के अंदर दो पुरस्कार जीत चुकी वोल्वार्ड्ट ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे और भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था। इस वजह से वह न सिर्फ अप्रैल महीने की श्रेष्ठ महिला खिलाड़ी के रूप में नामित हैं, बल्कि इसे जीतने की दौर में सबसे आगे हैं।
वोल्वार्ड्ट ने दो वनडे मैचों में 69.00 की औसत से 138 रन बनाए, जिसमें न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार दो पारियों में 69-69 रन शामिल हैं। इसके बाद उन्होंने भारत के खिलाफ 5 टी20 मैचों में 82.50 की औसत से 330 रन बनाए। अप्रैल महीने में उनका सबसे बड़ा पल भारत के खिलाफ तीसरे टी20 में आया, जब उन्होंने 53 गेंदों पर 115 रन बनाकर साउथ अफ्रीका को 192 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए नौ विकेट से जीत दिलाई थी। उनकी इस पारी में 14 चौके और पांच छक्के शामिल थे।