इंग्लैंड की स्पिनर लिंसी स्मिथ नवीनतम आईसीसी विमेंस टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में 38 पायदान की छलांग लगाकर अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। लिंसी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज में 6 विकेट अपने नाम किए थे। उनके इस प्रदर्शन ने इंग्लैंड को 2-1 से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन के लिए लिंसी को 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया था। बाएं हाथ की स्पिनर लिंसी ने टी20 रैंकिंग में अपनी साथी स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन को पछाड़ दिया है, जो अब रैंकिंग में तीसरे स्थान पर खिसक गईं।
टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में शीर्ष 7 में से 4 खिलाड़ी इंग्लैंड से हैं। इंग्लैंड की तेज गेंदबाज लॉरेन बेल ने शुरुआती दो मुकाबलों में 3 विकेट हासिल किए थे, लेकिन अंतिम मुकाबले में नहीं खेल सकीं। वह फिलहाल चौथे स्थान पर बनी हुई हैं, जबकि कार्यवाहक कप्तान चार्ली डीन ने सीरीज में पांच विकेट लेकर सातवें स्थान पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है।