भारत और अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच और तीन वनडे मुकाबलों की सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। दोनों ही फॉर्मेट में टीम इंडिया की कमान शुभमन गिल के हाथों में है। अनुभवी विराट कोहली और रोहित शर्मा को वनडे टीम में मौका मिला है, जबकि जसप्रीत बुमराह इस टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं होंगे। हालांकि, रोहित के अलावा, हार्दिक पांड्या का खेलना फिटनेस के आधार पर तय होगा।
केएल राहुल टेस्ट टीम में भारत के उप-कप्तान होंगे। इस टीम में युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को भी शामिल किया गया है। विकेटकीपिंग का जिम्मा ऋषभ पंत के कंधों पर होगा। साईं सुदर्शन, देवदत्त पड्डिकल, वॉशिंगटन सुंदर, नितीश राणा और मोहम्मद सिराज जैसे खिलाड़ियों के साथ एम सुथार, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे को इस टीम में स्थान मिला है।
वनडे टीम की बात करें, तो रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या को इस सीरीज में मौका दिया गया है, लेकिन उनका खेलना फिटनेस के आधार पर तय होगा। अनुभवी खिलाड़ी विराट कोहली वनडे सीरीज में नजर आएंगे। ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, अर्शदीप सिंह, वॉशिंगटन सुंदर को भी इस सीरीज में मौका दिया गया है।