भारतीय महिला क्रिकेट टीम और साउथ अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला बुधवार को खेला जाएगा। इस मुकाबले की मेजबानी द वांडर्स क्रिकेट स्टेडियम करेगा। भारतीय टीम सीरीज में अभी 0-2 से पीछे चल रही है।
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में अब तक कुल 21 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से 10 मैच भारतीय टीम ने जीते हैं, जबकि 8 मुकाबलों में साउथ अफ्रीका के हाथ जीत लगी है। यानी भले ही भारतीय टीम सीरीज के पहले दो मुकाबले गंवा चुकी हो, लेकिन ओवरऑल रिकॉर्ड में टीम का पलड़ा साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारी रहा है।
साउथ अफ्रीका का प्रदर्शन पहले दो टी20 मुकाबले में शानदार रहा है। डरबन में खेले गए दूसरे टी20 में प्रोटियाज टीम ने 8 विकेट से जीत दर्ज की थी। टीम की ओर से कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 34 गेंदों में 54 रनों की दमदार पारी खेली थी। उन्होंने अपनी इस पारी में 7 चौके और एक छक्का लगाया था।