IND vs NZ 1st ODI: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) ने एक बार फिर अपने बल्ले से इतिहास रच दिया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ बुधवार (4 नवंबर) को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में कोहली ने 74 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी के दम पर भारत ने 143 रनों का लक्ष्य पांच विकेट से हासिल कर लिया।
दरअसल, इस मुकाबले से पहले वनडे रन चेज में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम था। उन्होंने 236 मैचों में लक्ष्य का पीछा करते हुए 8,720 रन बनाए थे। वहीं, विराट कोहली को इस रिकॉर्ड को अपने नाम करने के लिए 54 रनों की जरूरत थी। उन्होंन 51 गेंदों में खेली गई 74 रनों की अपनी इस पारी के दौरान सचिन को पीछे छोड़ दिया।
कोहली के नाम अब वनडे रन चेज में 8,741 रन हो गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि 176 मैचों की 169 पारियों में हासिल की है और इस दौरान उनका औसत 66.21 का रहा है। इस लिस्ट में सचिन तेंदुलकर दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं, जबकि रोहित शर्मा 6,801 रनों के साथ तीसरे स्थान पर मौजूद हैं।