कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की टीम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में अपने शुरुआती दो मैच गंवा चुकी है। केकेआर के चोटिल सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर हर्षित राणा कोलकाता पहुंचे हैं, ताकि सोमवार शाम ईडन गार्डन्स में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के खिलाफ मुकाबले से पहले फ्रेंचाइजी का हौसला बढ़ा सकें।
तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट करते हुए बताया कि यह युवा खिलाड़ी यहां सिर्फ टीम का हौसला बढ़ाने और अपने केकेआर साथियों के साथ समय बिताने आया है। फ्रेंचाइजी ने राणा की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, "देखो, आज रात नाइट्स का हौसला बढ़ाने कौन आया है। हर्षित राणा कोलकाता में हैं, अपनी केकेआर फैमिली के साथ एक दिन बिताने के लिए।"
हर्षित राणा को साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप वार्म-अप मैच के दौरान दाहिने घुटने में लिगामेंट में खिंचाव आ गया था। उनके स्थान पर मोहम्मद सिराज को टी20 वर्ल्ड कप टीम में चुना गया था। फरवरी में राणा के घुटने की सर्जरी हुई थी, जिसके चलते वह आईपीएल 2026 से बाहर हो गए। उनके स्थान पर केकेआर ने भारत के तेज गेंदबाज नवदीप सैनी को टीम में शामिल किया था।