आईपीएल 2026 के 50वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) की भिड़ंत गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से हो रही है। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
आरसीबी ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। टॉस जीतने के बाद कप्तान रजत ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। यह चिन्नास्वामी जितनी तेज पिच नहीं है, लेकिन फिर भी तेज है। सतह अच्छी लग रही है और हम उन्हें कम स्कोर पर रोकने की कोशिश करेंगे। ब्रेक अच्छा था। हर कोई अच्छा कर रहा है और हमने कुछ कड़ी प्रैक्टिस की है। हम उसी टीम के साथ खेल रहे हैं।"
एलएसजी ने अपनी प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव किए हैं। मोहसिन खान, जोश इंग्लिस और आवेश खान चोट के कारण यह मुकाबला नहीं खेल रहे हैं। टॉस हारने के बाद कप्तान पंत ने कहा, "हमारी टीम में कुछ बदलाव हुए हैं। चोट के कारण इंग्लिस, आवेश और मोहसिन खान बाहर हैं। हम जानते हैं कि हम एक टॉप टीम हैं, लेकिन सबसे जरूरी बात स्पष्टता है। हमने बैटिंग ऑर्डर में कुछ बदलाव किए हैं। एक स्थिर माहौल होना जरूरी है, लेकिन हमें कभी-कभी बदलाव करने की जरूरत होती है। यह 180-190 का विकेट लग रहा है, ज्यादातर दूसरे मुकाबलों से बेहतर विकेट।"