दिल्ली कैपिटल्स के अनुभवी बल्लेबाज डेविड मिलर ने आलोचनाओं का सामना कर रहे स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव का बचाव किया है। मिलर का कहना है कि कुलदीप एक मैच विनर खिलाड़ी हैं और टीम के लिए उनकी लगातार मौजूदगी बेहद जरूरी है।
डेविड मिलर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए कहा कि कुलदीप की क्षमता पर कोई शक नहीं है। उन्होंने कहा कि हर खिलाड़ी के करियर में उतार-चढ़ाव आते हैं और एक-दो खराब मुकाबलों के आधार पर किसी खिलाड़ी को आंकना सही नहीं है। कुलदीप का फॉर्म इस सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के लिए एक बड़ी चिंता का विषय बना हुआ है।
बाएं हाथ के स्पिनर ने 10.4 रन प्रति ओवर की दर से रन दिए हैं और वह सिर्फ 7 विकेट ही निकाल सके हैं। 5 मुकाबलों में कुलदीप एक भी विकेट नहीं चटका सके हैं। इसके बावजूद डेविड मिलर ने भरोसा जताया कि कुलदीप जल्द ही वापसी करेंगे। उन्होंने कहा कि कुलदीप हमेशा अच्छी तैयारी करते हैं और हर मैच में अपना 100 प्रतिशत देने की कोशिश करते हैं। मिलर के मुताबिक, ऐसे खिलाड़ी किसी भी समय मैच का रुख बदल सकते हैं।