आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने अपनी बेहतरीन गेंदबाजी से क्रिकेट विशेषज्ञों और पूर्व क्रिकेटरों को काफी प्रभावित किया है। गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ इकाना स्टेडियम में हुए मुकाबले में भी प्रिंस यादव ने शानदार गेंदबाजी की थी और 4 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट लिए थे। इसमें विराट कोहली का विकेट भी शामिल है।
प्रिंस यादव के प्रदर्शन से प्रभावित होकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर अंबाती रायुडू का मानना है कि प्रिंस जल्द ही टीम इंडिया के लिए डेब्यू करेंगे।
अंबाती रायुडू ने ईएसपीएनक्रिकइंफो पर कहा, "मुझे लगता है कि वह जल्द ही अपना डेब्यू करने वाले हैं। वह लड़का एक विशेष है। उनमें खास प्रतिभा है। वह जिस तरह से दौड़ते हैं, उनका रन-अप ही आपको बताता है कि वह लड़ने के लिए तैयार हैं। वह भारी गेंद फेंकते हैं। उसकी ज्यादातर गेंदें स्टंप्स पर लगती हैं। यही उसकी विशेषता है।"