श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने रयान वैन नीकेर्क को नेशनल क्रिकेट टीम का गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है। इनके अलावा, जॉर्डन ग्रेगरी को फील्डिंग और स्पिन बॉलिंग कोच चुना गया है। बोर्ड ने गुरुवार को अपने इस फैसले की घोषणा करते हुए बताया कि इनका कार्यकाल 2 साल की अवधि के लिए होगा, जिसकी शुरुआत 15 अप्रैल से होगी।
वैन नीकेर्क और जॉर्डन ग्रेगरी, श्रीलंका के हेड कोच गैरी कर्स्टन के साथ मिलकर काम करेंगे, जिन्हें मार्च में यह जिम्मा सौंपने का ऐलान किया गया था। कर्स्टन 15 अप्रैल से सनथ जयसूर्या की जगह लेंगे और उनका अनुबंध 2 साल का है। कर्स्टन के साथ नीकेर्क और ग्रेगरी की नियुक्त का मुख्य उद्देश्य वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए टीम तैयार करना है।
श्रीलंका से जुड़ने से पहले कर्स्टन दक्षिण अफ्रीका, भारत और पाकिस्तान के हेड कोच रह चुके हैं। उन्होंने नीदरलैंड्स और नामीबिया के साथ भी काम किया है।