आईपीएल 2026 का 60वां मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डेन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच शनिवार की शाम को खेला जाना है। जीटी सीजन के 12 मैचों में 8 जीत के साथ अंकतालिका में दूसरे स्थान पर है। टीम ने अपने पिछले 5 मैचों में लगातार जीत हासिल की है। जीटी की सफलता में टीम के गेंदबाजों का बड़ा योगदान रहा है। केकेआर के खिलाफ मैच से पहले जीटी के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने टीम की सफलता का श्रेय खिलाड़ियों का एक दूसरे पर भरोसे और उनकी भूमिका में स्पष्टता को दिया।
आईएएनएस से बात करते हुए प्रसिद्ध कृष्णा ने कहा, "गुजरात टाइटंस ने एक प्रक्रिया को फॉलो किया है और कड़ी मेहनत की है जिसका असर परिणाम के रूप में दिख रहा है। हमारे टीम में अच्छे गेंदबाज हैं और बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। निश्चित रूप से उनका होना टीम के लिए फायदेमंद रहा है। हम सभी गेंदबाजों के लिए दबाव में संतुलन बनाए रखना और विकेट लेते रहना काफी अहम होता है। सिराज, रबाडा, अरशद, मैं, होल्डर, और राशिद दबाव वाली स्थिति में टीम के लिए विकेट लेने में सफल रहे हैं।"
सीजन में अपने प्रदर्शन के बारे में प्रसिद्ध कृष्णा ने कहा, "हर मैच चुनौतीपूर्ण रहा है। ऐसे कई मौके आए हैं जब मैंने अच्छी गेंदबाजी की है और कई ऐसे भी मौके रहे हैं जब विपक्षी टीम के बल्लेबाजों ने मेरी गेंद पर रन बनाए हैं।"