पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना (Suresh Raina) के रिश्तेदारों की हत्या के मामले में यूपी एसटीएफ और पंजाब पुलिस ने मुख्य आरोपी छज्जू छैमार को गिरफ्तार कर लिया है। छज्जू छैमार को बरेली जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र स्थित उसके गांव पचपेड़ा से गिरफ्तार किया गया है।
पिछले साल अगस्त में सुरेश रैना के फूफा अशोक कुमार की हत्या की गई थी। इसके अलावा छज्जू छैमार और उसके साथियों द्वारा रैना के अन्य रिश्तेदारों का भी बड़ी बेरहमी से कत्ल कर दिया गया था। STF द्वारा की गई पूछताछ में आरोपी छज्जू ने बताया कि वो अपने अन्य साथियों के साथ शाहपुर काडी में रहकर चादर और फूल बेचता था।
रेकी करने के लिए छज्जू छैमार के गिरोह में महिलाएं भी थीं। यही महिलाएं फूल बेचने के बहाने अशोक कुमार के घर घुसी थीं और सारी जानकारी इक्ट्ठा की थी। जिसके बाद गैंग के लोग घर को चिन्हित करके रात में घुसे और छतों पर सो रहे पुरुष और महिलाओं के साथ-साथ बच्चों को डंडे से मारकर घायल कर दिया और लूटपाट करके फरार हो गए।