शूटर सुरुचि इंदर सिंह फोगाट को एशियन गेम्स 2026 में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया है। हालांकि, हरियाणा के भिवानी की रहने वालीं सुरुचि का यहां तक पहुंचने का सफर आसान नहीं रहा। सुरुचि का कहना है कि सबसे बड़ं मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है।
भिवानी की गुरु द्रोणाचार्य शूटिंग एकेडमी में पिस्टल के साथ सुरुचि की पहली मुलाकात किसी वर्ल्ड रिकॉर्ड की चाहत में नहीं हुई थी। हरियाणा के झज्जर जिले के ससरोली गांव की रहने वाली 13 साल की सुरुचि बिना किसी स्पॉन्सरशिप या पहचान के अपने पिता और भाइयों के साथ लोकल ट्रेन से वहां जाती थीं। सात साल बाद, अब 20 साल की उम्र में वह जूनियर वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर बन चुकी हैं, कई आईएसएसएफ वर्ल्ड कप गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं और आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स में भारत की ओर से मेडल जीतने की प्रमुख दावेदारों में से एक हैं।
उनका सफर अचानक मिली शोहरत के बजाय धीरे-धीरे और बिना किसी शोर-शराबे के हुए बदलाव का नतीजा रहा है। सुरुचि ने भिवानी के शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा, "जब मैंने शूटिंग शुरू की थी, तो कोई मुझे नहीं जानता था। मैं बस एक आम 13 साल की लड़की थी, जिसके पास भारतीय जर्सी तक नहीं थी। आज, उस जर्सी को पहनना मेरे लिए सचमुच गर्व की बात है। मेरे लिए यह दिखाता है कि मैंने कितना लंबा सफर तय किया है।"