भारत सरकार के युवा मामले और खेल मंत्रालय के सचिव हरि रंजन राव ने कहा है कि स्कूल के पाठ्यक्रम में खेल को शामिल करना कोई नई बात नहीं है। यह पहले भी था।
हरि रंजन राव ने आईएएनएस से कहा, "स्कूल के पाठ्यक्रम में खेल को शामिल करना हमारे देश के लिए कोई नई बात नहीं है। 60 साल के ऊपर के पूर्व खिलाड़ी हमें बताते हैं कि जब वे स्कूल में थे, तो फिजिकल एजुकेशन और खेल में हिस्सा लेना जरूरी था। धीरे-धीरे, मुझे लगता है कि हम आगे बढ़े हैं। हमारी प्राथमिकताओं में कुछ बदलाव आया है। हमें इसे वापस लाने की जरूरत है।"
उन्होंने कहा, "खेलो इंडिया की नई स्कीम में, जो बदली हुई स्कीम है, के माध्यम से हम अब कई स्तर पर काम कर रहे हैं। स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और जिलों के स्तर पर ज्यादा प्रतियोगिता और लीग शुरू करना, ज्यादा बच्चों और एथलीटों को स्पोर्टिंग इकोसिस्टम से जोड़ेगा, साथ ही उन्हें खेलते रहने के ज्यादा मौके भी देगा।"