पूर्व विंबलडन चैंपियन मार्केटा वोंद्रोसोवा को प्रतियोगिता के बाहर एंटी-डोपिंग टेस्ट के दौरान सैंपल देने से इनकार करने के बाद चार साल के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। इंटरनेशनल टेनिस इंटीग्रिटी एजेंसी (आईटीआईए) ने सोमवार को यह घोषणा की है।
26 वर्षीय चेक स्टार ने साल 2023 में विंबलडन विमेंस सिंगल्स का खिताब अपने नाम किया था। वह दिसंबर 2025 में अपने घर पर डोपिंग कंट्रोल ऑफिसर के सामने सैंपल देने में नाकाम रहीं। वोंद्रोसोवा ने टेस्ट से इनकार करने के पीछे तर्क दिया कि वह काफी तनाव में थीं, उन्हें मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी गंभीर समस्याएं थीं, और उन्हें अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा का भी डर था, लेकिन एक स्वतंत्र ट्रिब्यूनल ने उनके सभी दावों पर विचार किया और डोपिंग कंट्रोल ऑफिसर की बात भी सुनी।
आईटीआईए ने फैसला सुनाया कि वोंद्रोसोवा के कार्यों के लिए कोई ठोस वजह नहीं थी, और इसलिए उनके अस्थायी बैन को 21 जून 2030 तक बढ़ा दिया। चेक खिलाड़ी वर्तमान में वर्ल्ड नंबर 122 हैं। इस बैन के कारण वह अपने करियर का एक बड़ा हिस्सा नहीं खेल पाएंगी।