इंडो-कनाडाई गोल्फर सुदर्शन येल्लामाराजू ने फेडएक्स सेंट जूड चैंपियनशिप के दूसरे दौर के बाद टॉप-10 में जगह बना ली है, जिससे उनके फेडएक्स कप प्लेऑफ अभियान को आगे बढ़ाने की उम्मीदें और मजबूत हुई हैं। वहीं, एरॉन राय और अक्षय भाटिया आरामदायक स्थिति में बने हुए हैं, जबकि साहित थीगला फेडएक्स कप रैंकिंग में अहम 'टॉप-50' के करीब संघर्ष कर रहे हैं।
लीडरबोर्ड में सबसे ऊपर, वर्ल्ड नंबर 1 खिलाड़ी स्कॉटी शेफलर ने सीजन का बेहतरीन राउंड खेलते हुए नौ-अंडर 61 का स्कोर किया और 11-अंडर 129 के स्कोर के साथ तीन-शॉट की बढ़त हासिल की।
येल्लामाराजू ने हफ्ते की शुरुआत फेडएक्स स्टैंडिंग में 57वें स्थान से की थी, उन्होंने टीपीसी साउथविंड में 70 और 65 के राउंड के बाद कुल सात-अंडर 135 का स्कोर किया। वह लीडरबोर्ड पर नौवें स्थान पर हैं और अनुमान है कि वह फेडएक्स स्टैंडिंग में 49वें स्थान पर पहुंच जाएंगे, जिससे वह सेंट लुइस में अगले हफ्ते होने वाली बीएमडब्ल्यू चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने की स्थिति में आ जाएंगे।