भारतीय रेसिंग ड्राइवर कृषय गुट्टे ने बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में एफ4 इंडियन चैंपियनशिप में अपनी पहली जीत हासिल की। राउंड-5 की तीसरी रेस में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और आखिरकार विजेता बने।
शुरुआत में 'स्पीड डेमंस दिल्ली' के गुट्टे दूसरे स्थान पर रहे थे। उनके टीम साथी न्तियिसो माबुंडा पहले स्थान पर फिनिश लाइन पार करने में सफल रहे थे, लेकिन रेस के बाद अधिकारियों ने माबुंडा को 'फॉल्स स्टार्ट' (गलत शुरुआत) के लिए 10 सेकंड की पेनाल्टी दे दी। इस पेनाल्टी के कारण नतीजे बदल गए और कृषय गुट्टे को विजेता घोषित कर दिया गया। यह उनकी एफ4 इंडियन चैंपियनशिप में पहली जीत रही, जिससे वह बेहद उत्साहित हैं।
शनिवार को रेस 1 में गुट्टे की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, लेकिन उन्होंने रविवार को रेस 3 में शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की। इससे पहले रविवार को दिन में, वह रेस 2 में छठे स्थान पर रहे थे।