अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन (एपीएसईजेड) के मैनेजिंग डायरेक्टर और अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड के डायरेक्टर करण अदाणी ने 'हाइरॉक्स अहमदाबाद' फिटनेस इवेंट में हिस्सा लेने का अपना अनुभव साझा किया। इस पर उनकी मां और अदाणी फाउंडेशन की चेयरपर्सन प्रीति अदाणी ने करण के इवेंट में हिस्सा लेने पर गर्व जताया।
करण अदाणी ने 'एक्स' पोस्ट में इस प्रतियोगिता को पूरी तरह थका देने वाला लेकिन बेहद रोमांचक बताया। इस पर प्रीति अदाणी ने जवाब देते हुए लिखा, "आप पर बहुत गर्व है।"
करण ने लिखा, "अपनी मर्जी से खुद को इतनी कठिन और चुनौतीपूर्ण स्थिति में डालना और फिर उसका इतना आनंद लेना, वाकई कुछ खास है। अनुशासन आपको शुरुआत करने में मदद करता है। प्रतिबद्धता आपको आगे बढ़ाती रहती है। एक बेहतरीन रेस पार्टनर आपको अपनी पूरी क्षमता से भी आगे जाने के लिए प्रेरित करता है और जब आपकी तीन छोटी बेटियां आपका उत्साह बढ़ा रही हों तो एक नई ऊर्जा मिल जाती है। पूरी तरह थक चुका हूं, लेकिन बेहद उत्साहित भी हूं।"