ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर मोइसेस हेनरिक्स (Moises Henriques) को पुर्तगाल क्रिकेट टीम की ओर से बड़ी जिम्मेदारी मिली है। 39 वर्षीय हेनरिक्स को आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2028 यूरोप सब-रीजनल क्वालिफायर के लिए पुर्तगाल का नया कप्तान बनाया गया है।
मोइसेस हेनरिक्स अपनी कप्तानी में टीम को इतिहास रचते हुए पहली बार टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई कराने की कोशिश करेंगे। मोइसेस का जन्म पुर्तगाल में हुआ था, लेकिन बचपन में ही उनका परिवार ऑस्ट्रेलिया चला गया था। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 2009 से 2021 के बीच चार टेस्ट, 16 वनडे और 24 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं।
हेनरिक्स ने जुलाई 2026 में ऑस्ट्रेलियाई घरेलू क्रिकेट से संन्यास लिया था। हालांकि, उन्होंने साफ किया था कि वह विदेशों में क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे। उनके पास टी20 क्रिकेट का भी शानदार अनुभव है और वह अब तक 300 से ज्यादा टी20 मुकाबले खेल चुके हैं।