हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सोमवार को एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक का उद्देश्य खेल, प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा, पोषण और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सरकारी पहलों की प्रगति का आकलन करना था।
भारत के अग्रणी खेल राज्य के रूप में पहचान बना चुके हरियाणा ने अब 2036 ओलंपिक के लिए महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किए हैं। सरकार ने 'मिशन ओलंपिक 2036- विजयी भवः' की शुरुआत की है। यह एक दीर्घकालिक प्रतिभा पहचान कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य 8 से 10 वर्ष की आयु के बच्चों को विश्व स्तरीय एथलीट के रूप में तैयार करना है, जो पदक जीतने में सक्षम हों। इस कार्यक्रम के लिए प्रारंभिक धनराशि वित्त विभाग की ओर से स्वीकृत कर दी गई है, और इसका क्रियान्वयन खेल विश्वविद्यालय की ओर से किया जाएगा।
'एक जिला, एक खेल' पहल के तहत जिला स्तर पर प्रतिभा की पहचान का कार्य सक्रिय रूप से किया जा रहा है। इसके जरिए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि अंबाला से लेकर नूंह तक, हर जिले की खेल प्रतिभाओं को समान मौके मिलें।