BWF World Championships: भारत की बैडमिंटन खिलाड़ी गायत्री गोपीचंद ने बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में अपने सफर को शानदार बताया। उन्होंने त्रिशा जॉली संग मिलकर घरेलू सरजमीं पर हुए इस टूर्नामेंट में देश को एकमात्र मेडल दिलाया। इस उपलब्धि से जुड़ी भावनाओं से अभिभूत गायत्री ने कहा कि यह उनके लिए बहुत खास पल था।
त्रिशा और गायत्री की जोड़ी को सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, वह ब्रॉन्ज मेडल जीतने में सफल रहीं। इस भारतीय जोड़ी का शानदार सफर तब खत्म हुआ जब मौजूदा चैंपियन चीन की लियू शेंग शू और टैन निंग ने वापसी करते हुए उन्हें सेमीफाइनल में 18-21, 21-13, 21-8 से हराया।
हार के बावजूद, त्रिशा और गायत्री ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत के लिए 15 साल बाद महिला डबल्स का पहला मेडल जीता। इससे पहले 2011 में ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा ने ब्रॉन्ज मेडल जीता था। गायत्री ने 'आईएएनएस' से कहा, "मुझे लगता है कि यह शानदार रहा है। मुझे लगता है कि यह एक अद्भुत सफर रहा है।" यह भारतीय जोड़ी चोटों के कारण बिना ज्यादा लय के टूर्नामेंट में उतरी थी। त्रिशा को इस साल की शुरुआत में टखने में चोट लगी थी, जिससे वह तीन महीने तक कोर्ट से दूर रही थीं। हालांकि, फिलीपींस चैलेंज में उनके प्रदर्शन ने उन्हें यह भरोसा दिलाया कि वे दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का मुकाबला कर सकती हैं।