स्पेन के युवा खिलाड़ी राफेल जोडर ने इटैलियन ओपन के क्वार्टर-फाइनल में जगह बना ली है। मंगलवार को हुए मुकाबले में जोडर ने अमेरिका के युवा खिलाड़ी लर्नर टिएन को हराकर क्वार्टर-फाइनल में जगह बनाई। जोडर ने लर्नर को सीधे सेटों में 6-1, 6-4 से हराया।
जोडर ने मैच की शुरुआत जोरदार अंदाज में की। उन्होंने अपने दमदार ग्राउंडस्ट्रोक्स से टिएन को बेसलाइन के पीछे धकेल दिया और बार-बार सटीक एंगल्स का इस्तेमाल करके कोर्ट में खाली जगह बनाई। अमेरिकी खिलाड़ी टिएन शुरुआत में जोडर की रप्तार का सामना करने में जूझते दिखे।
दूसरे सेट में टिएन ने कुछ समय के लिए मैच का रुख अपनी ओर मोड़ा। उन्होंने शुरुआत में ही जोडर की सर्विस तोड़कर 3-1 की बढ़त बना ली। अपने फोरहैंड शॉट्स में आक्रामकता बढ़ाई और क्रॉस-कोर्ट शॉट्स को और भी तेज व सटीक बनाया। लेकिन जोडर ने तुरंत इसका जवाब दिया। इसके बाद जोडर ने लगातार 4 गेम जीते और कमाल के संयम के साथ टीएन के बाएं हाथ के खेलने के तरीके को धीरे-धीरे तोड़ दिया और सेट अपने नाम किया।