नॉर्वे चेस: प्रग्गनानंदा और गुकेश ने दर्ज की जीत, दिव्या ने हम्पी कोनेरू को हराया (Image Source: IANS)
नॉर्वे शतरंज 2026 के सातवें राउंड में कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। भारतीय ग्रैंडमास्टर प्रज्ञानानंद रमेशबाबू ने क्लासिकल मुकाबले में अलीरेजा फिरोजा को हराया, जबकि विश्व चैंपियन डी. गुकेश ने आर्मागेडन मुकाबले में वेस्ली सो को मात देकर अतिरिक्त अंक हासिल किए।
प्रज्ञानानंद ने फिरोजा के खिलाफ लंबे संघर्ष के बाद जीत दर्ज की। उन्होंने आत्मविश्वास और सटीक रणनीति के दम पर अपनी बढ़त को जीत में बदल दिया। इस हार के साथ फिरोजा को टूर्नामेंट में दूसरी क्लासिकल पराजय का सामना करना पड़ा, जबकि शीर्ष स्थान की दौड़ और रोमांचक हो गई।
गुकेश और वेस्ली सो के बीच क्लासिकल मुकाबला बेहद तनावपूर्ण रहा और अंततः ड्रॉ पर समाप्त हुआ। इसके बाद खेले गए आर्मागेडन मुकाबले में गुकेश ने जीत दर्ज कर अतिरिक्त अंक अपने नाम किए।