एसआरएफआई पीएसए चैलेंजर स्क्वैश टूर्नामेंट में भारत की शमीना रियाज और ओम सेमवाल ने बड़े उलटफेर किए। मुंबई के जुहू विले पार्ले जिमखाना क्लब (जेवीपीजी) में जारी 15,000 डॉलर इनामी राशि वाले टूर्नामेंट में शमीना ने साउथ अफ्रीका की टॉप सीड हेली वार्ड को चार गेम में हराया, जबकि सेमवाल ने ब्राजील के तीसरे सीड डिएगो गोब्बी को शिकस्त दी।
अन्य भारतीय खिलाड़ियों में, तीसरी सीड तन्वी खन्ना ने पूजा आरती रघु को 3-0 से मात दी, जबकि सोमवार रात पांचवीं सीड सूरज कुमार चंद को मिस्र के जियाद इब्राहिम से तीन गेम में हार का सामना करना पड़ा।
एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में आखिरी जगह बनाने वाली बेटी शमीना ने पहला गेम हारने के बाद वापसी की। पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान मोहम्मद रियाज की बेटी शमीना साउथ अफ्रीका की टॉप सीड हेली वार्ड के खिलाफ मजबूती से खेलीं। हेली ने शमीना की लय बिगाड़ने के लिए हर तरह की चाल चली, लेकिन चेन्नई की 20 वर्षीय खिलाड़ी ने मुश्किल हालात में 8-11, 11-9, 11-9, 11-9 से जीत हासिल की।