त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में विश्व की चौथे नंबर की जोड़ी जिया यी फैन और झांग शू जियान के खिलाफ पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए जीत हासिल की। इस जीत के साथ ही वे सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं और टूर्नामेंट में भारत का पहला मेडल पक्का हो गया है।
चीनी जोड़ी के खिलाफ पहला गेम हारने के बाद, भारतीय जोड़ी ने यादगार वापसी करते हुए यह रोमांचक मुकाबला 16-21, 21-15, 21-13 से जीता। इस जीत ने 2011 के बाद से महिला डबल्स में भारत का पहला मेडल भी पक्का कर दिया। 2011 में ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा ने ब्रॉन्ज मेडल जीता था।
चीनी खिलाड़ियों के खिलाफ 70 मिनट तक चले मुकाबले के बाद त्रिसा और गायत्री ने जिया और झांग को पहली बार हराने पर बात की और कहा कि उनका सफर अभी रुकने वाला नहीं है। जीत के बाद त्रिसा ने पत्रकारों से कहा, "हम बहुत खुश हैं कि हमने इस जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह बनाई और मेडल पक्का किया, लेकिन सफर अभी यहीं खत्म नहीं हो रहा है। कल भी हमारे मैच हैं।"