1st Test: उस्मान ख्वाजा के नाबाद शतक की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने की वापसी, दूसरे दिन के अंत पर स्कोर 5 विकेट पर 311 रन

Updated: Sun, Jun 18 2023 16:16 IST
1st Test: उस्मान ख्वाजा के नाबाद शतक की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने की वापसी, दूसरे दिन के अंत पर स्कोर 5 (Image Source: Google)

ऑस्ट्रेलिया ने पहले टेस्ट मैच में उस्मान ख्वाजा (Usman Khawaja) के नाबाद शतक की मदद से वापसी करते हुए दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 94 ओवर में 5 विकेट खोकर 311 रन बना लिए है। वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम अभी भी इंग्लैंड के स्कोर से 82 रन पीछे है। इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी पहले ही दिन 78 ओवर में 8 विकेट खोकर 393 के स्कोर पर घोषित कर दी थी। 

ऑस्ट्रेलिया ने कल के स्कोर 4 ओवर में बिना विकेट खोये 14 रन से आगे खेलना शुरू किया तो डेविड वॉर्नर और उस्मान ख्वाजा ने धीरे-धीरे पारी को आगे बढ़ाया। हालांकि वो पारी को ज्यादा आगे तक नहीं ले जा पाए और 11वां ओवर करने आये स्टुअर्ट ब्रॉड ने वॉर्नर को पहली गेंद पर बोल्ड कर दिया। वॉर्नर ने 27 गेंदों का सामना करते हुए 2 चौको की मदद से 9 रन बनाये। उनके आउट होने के बाद क्रीज पर मार्नस लाबुशेन आये। 

हालांकि वो ब्रॉड के उसी ओवर की अगली गेंद पर गोल्डन डक पर आउट हो गए। विकेटकीपर जॉनी बेयरस्टो ने डाइव लगाते हुए एक हाथ से उनका शानदार कैच पकड़ा। उनके आउट होने के बाद क्रीज स्टीव स्मिथ आये। ख्वाजा ने स्मिथ के साथ मिलकर धीरे-धीरे पारी को  बढ़ाया। वहीं पारी का 27वां ओवर करने आये कप्तान बेन स्टोक्स ने आखिरी गेंद पर स्टीव स्मिथ को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। 

स्मिथ के पवेलियन लौट जानें के बाद क्रीज पर बल्लेबाजी करने के लिए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में शतक जड़ने वाले ट्रैविस हेड आये। इसके बाद लंच ब्रेक तक कोई और विकेट नहीं गिरा। दूसरे दिन का पहला सेशन खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 31 ओवर में 3 विकेट खोकर 78 रन था। ख्वाजा 92 गेंद में 6 चौको की मदद से 40 रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए थे। वहीं हेड 11 गेंद में 2 चौको की मदद से 8 रन बनाकर क्रीज मौजूद थे। पहले  सेशन में ऑस्ट्रेलिया ने 27 ओवरों में 3 विकेट खोकर 64 रन बनाये। 

वहीं लंच के बाद 36वां ओवर करने आये मोईन अली की दूसरी गेंद पर सिंगल लेते हुए ख्वाजा ने अपने टेस्ट करियर का 22वां अर्धशतक जमाया। ये अर्धशतक उन्होंने 106 गेंद में बनाया। वहीं दूसरे सेशन में हेड ज्यादा आक्रामक नजर आये। पारी का 45वां ओवर करने आये ओली रॉबिंसन की तीसरी गेंद पर 3 रन बनाते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद 46वां ओवर करने आये मोईन ने तीसरी गेंद पर हेड को जैक क्रॉली के हाथों कैच आउट करवा दिया। 

हेड ने 63 गेंद में 8 चौके और एक छक्के की मदद से 50 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। हेड ने ख्वाजा के साथ चौथे विकेट के लिए 81 (113) रन की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई। हेड के आउट होने के बाद क्रीज पर बल्लेबाजी करने के लिए कैमरून ग्रीन आये। इस ओवर की 5वीं गेंद पर ग्रीन स्टंप आउट हो जाते लेकिन बेयरस्टो ने मौका खो दिया। 

ग्रीन बड़ी सावधानी से खेले और उस्मान ख्वाजा के साथ मिलकर धीरे-धीरे पारी को आगे बढ़ाया और टी ब्रेक तक कोई विकेट नहीं गिरने दिया। दोनों बल्लेबाज 5वें विकेट के लिए 40* (94) रन की साझेदारी कर चुके हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 61 ओवर में 4 विकेट खोकर 188 रन है। वो अभी भी इंग्लैंड के स्कोर से 205 रन पीछे है। ख्वाजा 176 गेंद में 9 चौको और 2 छक्कों की मदद से 86 रन बनाकर खेल रहे है। वहीं ग्रीन 47 गेंद में 2 चौको की मदद से 47 रन बनाकर उनका साथ दे रहे है। दूसरे सेशन में ऑस्ट्रेलिया ने 30 ओवर में एक विकेट खोकर 110 रन बनाये। 

टी ब्रेक के बाद 68वां ओवर करने आये मोईन ने पहली ही गेंद पर ग्रीन को बोल्ड कर दिया। ग्रीन ने 68 गेंद में 4 चौके और एक छक्के की मदद से 38 रन की पारी खेली। उन्होंने ख्वाजा के साथ 72 (134) रन की साझेदारी निभाई। मोईन के आउट होने के बाद क्रीज पर बल्लेबाजी करने के लिए एलेक्स केरी आये। इस बीच 69वां ओवर करने आये स्टोक्स की चौथी गेंद पर चौका जड़ते हुए अपने टेस्ट करियर का 15वां शतक लगाया। ये इंग्लैंड में उनका पहला शतक था। 

इंग्लैंड ने जब 81वें ओवर में नयी गेंद ली और ब्रॉड को अटैक पर लगाया तो उन्होंने पहली ही गेंद पर ख्वाजा को आउट कर दिया लेकिन ये गेंद नो बॉल हो गयी। ख्वाजा और केरी ने आखिरी सेशन में कोई नहीं गिरने दिए। पारी का 92वां ओवर करने आये मोईन की पहली गेंद पर केरी ने चौका मारा और अर्धशतक पूरा किया। गेंद बल्ले का किनारा लेकर गयी थी, विकेटकीपर और पहली स्लिप में खड़े जो रुट गेंद को पकड़ नहीं पाए थे। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे दिन स्टंप्स तक 94 ओवर में 5 विकेट खोकर 311 रन बना लिए है और वो अभी इंग्लैंड के स्कोर से 82 रन पीछे है। 

ख्वाजा 279 गेंद में 14 चौको और 2 छक्कों की मदद से 126 रन बनाकर खेल रहे थे। वहीं केरी भी 80 गेंद का सामना करते हुए 7 चौके और एक छक्के की मदद से 52 रन बनाकर उनका साथ दे रहे थे। ख्वाजा और केरी छठे विकेट के लिए 91*(164) रन की साझेदारी कर चुके हैं। इंग्लैंड की तरफ से सबसे ज्यादा 2-2 विकेट स्टुअर्ट ब्रॉड और मोईन अली ने लिए। उनके अलावा एक विकेट कप्तान बेन स्टोक्स ने चटकाया। 

इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन: बेन डकेट, जैक क्रॉली, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जॉनी बेयरस्टो (विकेटकीपर), मोईन अली, स्टुअर्ट ब्रॉड, ओली रॉबिन्सन, जेम्स एंडरसन

Also Read: Live Scorecard

ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन: डेविड वॉर्नर, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, स्टीवन स्मिथ, ट्रैविस हेड, कैमरून ग्रीन, एलेक्स केरी (विकेटकीपर), पैट कमिंस (कप्तान), नाथन लियोन, जोश हेजलवुड, स्कॉट बोलैंड। 

TAGS

संबंधित क्रिकेट समाचार

सबसे ज्यादा पढ़ी गई खबरें