Arafat Minhas Five-Wicket Haul: पाकिस्तान के युवा स्पिनर अराफात मिन्हास ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले ही वनडे मुकाबले में इतिहास रच दिया। 21 वर्षीय इस स्पिनर ने अपने डेब्यू मैच में ऐसा कारनामा कर दिखाया, जो आज तक कोई भी पाकिस्तानी खिलाड़ी वनडे डेब्यू में नहीं कर पाया था।
पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला शनिवार (30 मई) को रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में पाकिस्तान के युवा स्पिनर अराफात मिन्हास ने अपनी घातक गेंदबाजी से सभी को प्रभावित करते हुए इतिहास रच दिया।
अराफात मिन्हास ने अपने वनडे डेब्यू मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 10 ओवर में सिर्फ 32 रन देकर 5 विकेट चटकाए। इसी के साथ वह वनडे डेब्यू में पांच विकेट लेने वाले पाकिस्तान के पहले खिलाड़ी बन गए। इससे पहले पाकिस्तान के चार गेंदबाज अपने डेब्यू वनडे में चार-चार विकेट लेने में सफल हुए थे, लेकिन कोई भी पंजा नहीं खोल पाया था।
मुल्तान के इस युवा स्पिनर ने अपना पहला शिकार ऑस्ट्रेलियाई कप्तान जोश इंगलिस (13) को बनाया। इसके बाद सिर्फ दो गेंदों के भीतर मार्नस लाबुशेन को भी एलबीडब्ल्यू कर दिया, जो खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए। अराफात यहीं नहीं रुके। उन्होंने कैमरून ग्रीन को भी शून्य पर बोल्ड कर ऑस्ट्रेलिया को एक और बड़ा झटका दिया। इसके बाद सेट बल्लेबाज मैथ्यू शॉर्ट (55) को स्टंप आउट करवाकर अपना चौथा विकेट हासिल किया।
युवा स्पिनर ने अपना ऐतिहासिक पांचवां विकेट नाथन एलिस (8) के रूप में लिया और इसी के साथ रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया। उनके यह गेंदबाजी आंकड़े अब वनडे डेब्यू पर किसी भी पाकिस्तानी गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बन गए हैं।
वनडे डेब्यू पर पाकिस्तान के लिए सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन:
- अराफात मिन्हास – 10 ओवर, 32 रन, 5 विकेट बनाम ऑस्ट्रेलिया (रावलपिंडी, 2026)
- जाकिर खान – 8 ओवर, 19 रन, 4 विकेट बनाम न्यूजीलैंड (पेशावर, 1984)
- अब्दुल कादिर – 12 ओवर, 21 रन, 4 विकेट बनाम न्यूजीलैंड (बर्मिंघम, 1983)
- अबरार अहमद – 8 ओवर, 33 रन, 4 विकेट बनाम जिम्बाब्वे (बुलावायो, 2024)
- सरफराज नवाज – 7.3 ओवर, 46 रन, 4 विकेट बनाम न्यूजीलैंड (क्राइस्टचर्च, 1973)
अराफात मिन्हास ने एक और बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। वह वनडे डेब्यू में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं। इससे पहले वनडे डेब्यू पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज हेंडी ब्रायन के नाम था, जिन्होंने 1999 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डेब्यू वनडे में 4 विकेट लिए थे।
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया पहले बल्लेबाजी करते हुए 44.1 ओवर में सिर्फ 200 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम के लिए मैट रेनशॉ ने 63 गेंदों में 61 रन और मैथ्यू शॉर्ट ने 76 गेंदों में 55 रन बनाए। हालांकि इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका और अराफात मिन्हास की शानदार गेंदबाजी के सामने पूरी टीम बिखर गई।