7 गेंदों में चटकाए 4 विकेट और खोला पंजा! IPL से पहले MI में शामिल हुए इस स्टार ऑलराउंडर ने दिखाई दमदार फॉर्म

Updated: Tue, Dec 02 2025 19:18 IST
Image Source: Google

IPL 2026 से पहले मुंबई इंडियंस को शार्दुल ठाकुर के रूप में बड़ी खुशखबरी मिली है। लखनऊ से ट्रेड होकर MI में शामिल हो चुके शार्दुल इस वक्त सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में बेहद घातक फॉर्म में दिख रहे हैं। असम के खिलाफ मैच में उन्होंने सिर्फ 7 गेंदों में 4 विकेट झटके और कुल 5 शिकार कर टीम को मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया। उनकी घातक गेंदबाजी ने MI फैंस का कॉन्फिडेंस IPL से पहले और बढ़ा दिया है।

IPL 2026 की तैयारियों के बीच मुंबई इंडियंस और उनके फैंस के लिए शार्दुल ठाकुर ने बड़ी राहत वाली परफॉर्मेंस दे दी है। लखनऊ सुपर जायंट्स से मिनी ऑक्शन से पहले ही 2 करोड़ की बेस प्राइस पर ट्रेड होकर MI में शामिल हुए भारतीय ऑलराउंडर शार्दुल इस समय सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 में शानदार लय में नजर आ रहे हैं। मंगलवार (2 दिसंबर) को असम के खिलाफ खेले गए लीग स्टेज के 72वें मुकाबले में उन्होंने अपनी स्विंग और सटीक लाइन से विरोधी बल्लेबाजों की कमर ही तोड़ दी।

मुंबई और असम के बीच खेले गए इस मैच में 220 रनों के भारी टारगेट की रक्षा करते हुए कप्तान शार्दुल ठाकुर ने नई गेंद हाथ में ली और शुरुआत में ही मैच का रुख बदल दिया। अपने पहले ओवर की पहली ही गेंद पर उन्होंने असम के ओपनर डेनिश दास को आउट किया। इसके बाद तीसरी गेंद पर अब्दुल अज़ीज़ कुरैशी और पांचवीं गेंद पर रियान पराग को पवेलियन भेजकर असम की कमर पूरी तरह तोड़ दी।

यही नहीं, शार्दुल ने अपने दूसरे ओवर की पहली ही गेंद पर एक और विकेट लेकर सिर्फ 7 गेंदों में 4 शिकार पूरे कर दिए। तीसरे ओवर में भी एक बल्लेबाज को आउट कर उन्होंने अपनी झोली में 5 विकेट डाल लिए। भारतीय टीम से जरुर फिल्हाल शार्दुल बाहर चल रहे हैं, लेकिन तीन ओवर में सिर्फ 23 रन देकर 5 विकेट वाला उनका यह प्रदर्शन किसी भी फ्रेंचाइज़ी को रोमांचित कर देने के लिए काफी है।

शार्दुल की इस आग उगलती गेंदबाजी की बदौलत असम की टीम 221 रनों के जवाब में सिर्फ 122 रन बनाकर 19.1 ओवर में सिमट गई। जिसके चलते मुंबई ने यह मुकाबला 98 रनों से जीत लिया। शार्दुल के अलावा गेंदबाजी में साईराज पाटिल और अथर्व अंकोलेकर ने भी 2-2 विकेट लिए, जबकि शम्स मुलानी ने भी 1 विकेट झटका।

Also Read: LIVE Cricket Score

अगर बल्लेबाजी की बात करें तो मुंबई के लिए सरफराज खान ने धमाकेदार शतक लगाया। उन्होंने मात्र 47 गेंदों में 8 चौकों और 7 छक्कों की मदद से नाबाद 100 रन ठोके। अजिंक्य रहाणे ने 33 गेंदों पर 42 रन बनाए, जबकि सूर्यकुमार यादव ने 12 गेंदों में तेज 20 रन जोड़े। इन बल्लेबाजों के दम पर मुंबई ने 20 ओवर में 220 का मजबूत स्कोर खड़ा किया था।

TAGS

संबंधित क्रिकेट समाचार ::

सबसे ज्यादा पढ़ी गई खबरें