भारतीय क्रिकेट टीम को टी-20 वर्ल्ड कप जितवाने वाले स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या इस समय हर क्रिकेट फैन के चहीते बने हुए हैं। जब पांड्या वर्ल्ड कप जीतकर देश वापस लौटे तो भी उन्हें फैंस का ढेर सारा प्यार मिला और जब वो अपने घर वडोदरा पहुंचे तो भी उनके फैंस ने उनको सम्मान देने में कोई कमी नहीं होने दी।
टी-20 वर्ल्ड कप 2024 जीतकर वडोदरा लौटे पांड्या ने अपने घरेलू फैंस के लिए एक रोड शो आयोजित किया जिसमें उन्हें देखने के लिए फैंस का हुजूम सड़कों पर उतर आया। इस समय सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है जिसमें देखा जा सकता है कि वडोदरा की सड़कों पर पैर रखने की भी जगह नहीं है और फैंस पांड्या की बस को घेरकर उनकी एक झलक पाने के लिए खड़े हैं। इस वीडियो को आप नीचे देख सकते हैं।
बता दें कि बीते 6 महीने हार्दिक पांड्या के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं रहे। आईपीएल 2024 से पहले मुंबई इंडियंस ने पांड्या को गुजरात टाइटंस से ट्रेड करके अपनी फ्रेंचाईजी का कप्तान बना दिया। रोहित के कप्तानी से हटने और पांड्या के कप्तान बनने से फैंस काफी नाखुश थे और इसका खामियाजा पांड्या को पूरे आईपीएल सीजन में भुगतना पड़ा क्योंकि उन्हें लगभग हर मैच में फैंस गाली और बू करते दिखे।
हालांकि, टी-20 वर्ल्ड कप खत्म होते ही पांड्या फैंस के लिए जीरो से हीरो बन गए क्योंकि आखिरी ओवर में जब साउथ अफ्रीका को टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के लिए 16 रन चाहिए थे तब पांड्या के हाथ में गेंद थी और उन्होंने ओवर की पहली ही गेंद पर डेविड मिलर को आउट करके भारत की जीत पक्की कर दी और फैंस को अपना दीवाना बना लिया। टी-20 वर्ल्ड कप के बाद से ही पांड्या के दिन फिर गए हैं और जो आलोचक उनसे नफरत करते थे आज वो भी उनकी तारीफ में कसीदे पढ़ रहे हैं।