भारतीय क्रिकेट टीम के ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma T20I Record) ने रविवार (7 जुलाई) को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए दूसरे टी-20 इंटरनेशनल मैच में शानदार शतक जड़ा। अपने इंटरनेशनल करियर के दूसरे मैच में ही शतकीय पारी खेलते हुए 47 गेंदों में 7 चौकों और 8 छक्कों की मदद से 100 रन की पारी खेली।
अभिषेक ने लगातार तीन छक्के जड़कर अपना शतत पूरा किया। इंटरनेशनल क्रिकेट ते 147 साल के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब एक खिलाड़ी ने लगातार तीन छक्के जड़कर शतक पूरा किया है।
अभिषेक ने वेलिंग्टन मसाकादजा द्वारा डाले गए पारी के 14वें ओवर की तीसरी,चौथी औऱ पांचवीं गेंद पर छक्का जड़कर अपना शतक पूरा किया। हालांकि छठी और आखिरी गेंद पर वह आउट भी हो गए।
बता दें कि इस पारी में अभिषेक ने अपनी पहली गेंद पर भी छक्का जड़ा था। वह एक टी-20 पारी में अपनी पहली गेंद पर छक्का जड़ने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी बने हैं। इससे पहले वीरेंद्र सहवाग ने 2009 में न्यूजीलैंड के खिलाफ और रोहित शर्मा ने 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ अपनी पारी की पहली गेंद पर छक्का जड़ा था। बता दें कि अभिषेक ने छक्का जड़कर अपना अर्धशतक और शतक पूरा किया था।
अभिषेक ने अपनी पारी के पहले 50 रन 33 गेंद में और अगले 50 रन सिर्फ 13 गेंद में बनाए। उन्हें इस तूफानी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
गौरतलब है कि इस मैच में भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को 100 रन से हराकर पांच मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर ली है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 2 विकेट के नुकसान पर 234 रन बनाए। जिसके जवाब में जिम्बाब्वे 18.4 ओवर में 134 रन पर ऑलआउट हो गई।