टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार तीन बार शून्य पर आउट होने के बावजूद, अभिषेक शर्मा दुनिया के नंबर 1 टी-20I बैटर बने हुए हैं। दूसरी ओर, भारतीय टीम में उनके साथी ईशान किशन अपने शानदार प्रदर्शन के चलते रैंकिंग्स में टॉप 10 में आ गए हैं। झारखंड के बैटर ने मौजूदा टी-20 वर्ल्ड कप में लगातार दो फिफ्टी लगाई हैं और वो इस समय अपने करियर के पीक पर नजर आ रहे हैं।
इन दोनों ही खिलाड़ियों की खेलने की शैली बिल्कुल एक जैसी ही है लेकिन इस समय एक के सितारे बुलंदियों पर हैं तो दूसरे के गर्दिश में नजर आ रहे हैं लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस समय इन दोनों में से कौन सा खिलाड़ी ज्यादा बेहतर है? तो चलिए इसी सवाल का जवाब जानने के लिए हम दोनों के टी-20 इंटरनेशनल करियर पर एक नज़र डालते हैं और अंत में फैसला करते हैं कि कौन बेहतर है?
टी-20 इंटरनेशनल में ओवरऑल रिकॉर्ड
टी-20 इंटरनेशनल में अभिषेक शर्मा ने अब तक भारत के लिए 40 मैच खेले हैं, जिनमें से 39 इनिंग्स में, पंजाब के इस प्लेयर ने सिर्फ़ 671 बॉल का सामना करते हुए 1297 रन बनाए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 135 रहा है। जो बात उन्हें बाकी बल्लेबाजों से अलग बनाती है, वो है उनका 193.30 का स्ट्राइक रेट। अभिषेक इतना तेज खेलते हैं कि वो पावरप्ले में ही विपक्षी टीम को मैच से बाहर कर देते हैं और यही बात उन्हें इस फॉर्मैट में सबसे खतरनाक बनाती है।
दूसरी तरफ, ईशान किशन की बात करें तो झारखंड के विकेटकीपर बल्लेबाज ने भारत के लिए अब तक 39 T20I मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 813 बॉल का सामना करते हुए 1169 रन बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 103 रहा है। उनका करियर स्ट्राइक रेट 143.79 है, जो काफी इम्प्रेसिव है लेकिन जाहिर सी बात है कि वो अभिषेक से काफी दूर है क्योंकि ईशान को कभी भी ओपनर के तौर पर लगातार मौके नहीं मिले और वो टीम से अंदर-बाहर होते रहे।
औसत के मामले में कौन बेहतर?
स्ट्राइक रेट के अलावा, टी-20I बैटिंग का एक और पहलू बैटिंग औसत भी है क्योंकि फॉर्मैट कोई भी हो लेकिन किसी भी प्लेयर की कंसिस्टेंसी ही उसे डिफाइन करती है। अभिषेक ने, तेज़ रेट से रन बनाते हुए भी, 35.05 का बैटिंग एवरेज बनाए रखा है। उन्होंने आठ हाफ-सेंचुरी और दो सेंचुरी भी बनाई हैं। दूसरी तरफ किशन भी कंसिस्टेंट परफॉर्मर रहे हैं। उनका बैटिंग एवरेज 30.76 है और उन्होंने अपने टी-20I करियर में नौ हाफ-सेंचुरी और एक सेंचुरी बनाई है। किशन उन कुछ इंडियन बैट्समैन में से एक हैं जिन्होंने तीनों फॉर्मेट में सेंचुरी बनाई हैं।
प्लेयर ऑफ़ द मैच अवॉर्ड
Also Read: LIVE Cricket Score
यही वो जगह है जहां दोनों प्लेयर एक-दूसरे को टक्कर देते हैं। अभिषेक और ईशान, दोनों ने पांच-पांच बार प्लेयर ऑफ़ द मैच जीता है। ऐसे में हम ये कह सकते हैं कि दोनों ही अपने-अपने तरीके से मैच विनर हैं, लेकिन अभिषेक शर्मा दोनों में से थोड़े बेहतर टी-20I बैट्समैन हैं क्योंकि वो इस समय टीम के स्थाई सदस्य हैं और लगातार अच्छा खेल रहे हैं और दूसरी तरफ ईशान ने अभी ही टीम में वापसी की है औऱ अगर वो अपनी शानदार फॉर्म को बनाए रखते हैं तो शायद आने वाले समय में वो अभिषेक को पीछे छोड़ सकते हैं।