Adil Rashid Record: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC T20 World Cup 2026) के सुपर-8 राउंड का पांचवां मुकाबला मंगलवार, 24 फरवरी को इंग्लैंड और पाकिस्तान (ENG vs PAK) के बीच कैंडी के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। गौरतलब है कि इस मुकाबले में इंग्लैंड के दिग्गज स्पिनर आदिल राशिद (Adil Rashid) कुछ बेहद ही खास रिकॉर्ड लिस्ट में बांग्लादेश के मुस्तफिजुर रहमान (Mustafizur Rahman), श्रीलंका के वानिन्दु हसरंगा (Wanindu Hasaranga) और पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी (Shahid Afridi) को पछाड़ सकते हैं।
जी हां, ऐसा ही हो सकता है। सबसे पहले ये जान लीजिए कि 38 साल के आदिल राशिद इंग्लैंड के लिए अब तक 142 टी20 मैचों में 158 विकेट चटका चुके हैं। वो T20I में इंग्लैंड के लिए सर्वाधिक विकेट लेने वाले बॉलर हैं। यहां से वो कैंडी के मैदान पर पाकिस्तान का एक और विकेट चटकाते हैं तो बांग्लादेश के मुस्तफिजुर रहमान को पछाड़कर दुनिया के चौथे सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल विकेट लेने वाले गेंदबाज़ बन जाएंगे।
बांग्लादेश के तेज गेंदबाज़ मुस्तफिजुर रहमान के नाम 126 टी20 मैचों में 158 विकेट दर्ज हैं। इस लिस्ट में पहले नंबर पर अफगानिस्तान के राशिद खान हैं जिन्होंने 115 मैचों में 193 विकेट झटकें। वहीं दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड के टिम साउदी (126 मैचों में 164 विकेट) और तीसरे नंबर पर न्यूजीलैंड के ही ईश सोढ़ी (138 मैचों में 162 विकेट) मौजूद हैं।
इतना ही नहीं, इसके अलावा आदिल राशिद सुपर-8 के राउंड में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में 2 विकेट निकालते हैं तो वो आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में अपने 41 विकेट पूरे कर लेंगे और इसी के साथ श्रीलंका के वानिन्दु हसरंगा (20 मैचों में 40 विकेट) और पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी (34 मैचों में 39 विकेट) को पीछे छोड़कर इस टूर्नामेंट के इतिहास में चौथे सर्वाधिक विकेट लेने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे।
बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप में सर्वाधिक विकेट लेने का महारिकॉर्ड बांग्लादेश के शाकिब अल हसन के नाम दर्ज है जिन्होंने 43 मैचों में 50 विकेट चटकाए हैं।
टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बॉलर
- शाकिब अल हसन (बांग्लादेश) - 43 मैचों की 41 पारियों में 50 विकेट
- एडम जाम्पा (ऑस्ट्रेलिया) - 25 मैचों की 25 पारियों में 44 विकेट
- राशिद खान (अफगानिस्तान) - 27 मैचों की 27 पारियों में 43 विकेट
- वानिन्दु हसरंगा (श्रीलंका) - 20 मैचों की 20 पारियों में 40 विकेट
- शाहिद अफरीदी (श्रीलंका) - 34 मैचों की 34 पारियों में 39 विकेट
- आदिल राशिद (इंग्लैंड) - 34 मैचों की 34 पारियों में 39 विकेट
Also Read: LIVE Cricket Score
इंग्लैंड की पूरी टीम: हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर, लियाम डॉसन, आदिल राशिद, जेमी ओवरटन, बेन डकेट, जोफ्रा आर्चर, ल्यूक वुड, सैम करन, फिल साल्ट (विकेटकीपर), जोश टंग, टॉम बैंटन, विल जैक्स, जैकब बेथेल, रेहान अहमद।