10 नवंबर। इंग्लैंड ने इस साल विश्व कप फाइनल की सफलता को एक बार फिर से दोहराते हुए पांचवें और आखिरी टी-20 मैच में सुपर ओवर में रविवार को मेजबान न्यूजीलैंड को हराकर पांच मैचों की टी-20 सीरीज 3-2 से अपने नाम कर ली। इंग्लैंड ने इस साल 50 ओवरों के विश्व कप के फाइनल में सुपर ओवर में न्यूजीलैंड को हराकर विश्व कप जीता था।

Advertisement

वर्षा बाधित इस अंतिम टी-20 मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 11 ओवर में पांच विकेट पर 146 रनों का मजबूत स्कोर बनाया।

Advertisement

कीवी टीम के लिए मार्टिन गुप्टिल ने 20 गेंदों पर तीन चौकों और पांच छक्कों की मदद से 50 और कोलिन मुनरो ने 21 गेंदों पर दो चौकों और चार छक्कों की मदद से 46 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनके अलावा टिम सिफर्ट ने 16 गेंदों पर एक चौके और पांच छक्कों के दम पर 39 रनों का योगदान दिया।

इंग्लैंड के लिए सैम कुरेन, टॉम कुरेन, आदिल राशिद और शाकिब महमूद ने एक-एक विकेट चटकाए।

न्यूजीलैंड से मिले 147 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम भी निर्धारित 11 ओवरों में सात विकेट पर 146 रन ही बना सकी। इंग्लैंड के लिए जॉनी बेयरस्टो ने 18 गेंदों पर दो चौके और पांच छक्कों की मदद से 47, कप्तान इयोन मॉर्गन ने 17, सैम करेन ने 24 और टॉम करेन ने 12 रन बनाए।

इंग्लैंड को आखिरी ओवर में जीत के लिए 16 रन बनाने थे और मुकाबला टाई हो गया।

Advertisement

इसके बाद सुपरओवर में इंग्लैंड ने 17 रन का स्कोर बनाया। इस स्कोर का पीछा करने उतरे न्यूजीलैंड के लिए मार्टिन गुप्टिल और टिम सिफर्ट ने टीम को अच्छी शुरूआत दी।

कीवी टीम को चार गेंदों पर 10 रन बनाने थे, लेकिन इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को इस स्कोर तक पहुंचने नहीं दिया और सुपरओवर में जीत दर्ज करके 3-2 से सीरीज जीत ली। इंग्लैंड के जॉनी बेयरस्टो को मैन ऑफ द मैच और न्यूजीलैंड के मिशेल सेंटनर को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला

लेखक के बारे में

Vishal Bhagat
Vishal Bhagat - A cricket lover, Vishal is covering cricket for the last 5 years and has worked with the Dainik Bhaskar group in the past. He keeps a sharp eye on the record being made in the cricket world and takes no time to present it to the viewers in the form of articles. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार