राजस्थान रॉयल्स के पूर्व कप्तान संजू सैमसन ने रविवार (15 मार्च) को BCCI द्वारा आयोजित नमन अवॉर्ड्स समारोह के दौरान युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और टीम के पूर्व होड कोच राहुल द्रविड़ के बीच हुई दिलचस्प बातचीत का खुलासा किया। आईपीएल डेब्यू से पहले हुई इस बातचीत में वैभव का निडर अंदाज साफ नजर आया, जिसे सुनकर वहां मौजूद लोग भी मुस्कुरा उठे।
14 साल के वैभव सूर्यवंशी को राजस्थान रॉयल्स ने 1.1 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। साल 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने आईपीएल डेब्यू किया और सबसे कम उम्र में लीग में खेलने वाले खिलाड़ी बनकर इतिहास रच दिया। अपने निडर अंदाज की बल्लेबाजी की वजह से उन्होंने जल्दी ही सभी का ध्यान खींच लिया था।
बीसीसीआई नमन अवॉर्ड्स के दौरान वैभव सूर्यवंशी मंच पर संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और हार्दिक पांड्या के साथ मौजूद थे। जब उनसे उनके आईपीएल डेब्यू मैच में पहली बॉल पर लगाए गए यादगार छक्के के बारे में पूछा गया, तो वैभव खुद उस किस्से को सुनाने लगे। तभी संजू सैमसन ने बीच में आते हुए पूरी बातचीत का खुलासा किया।
संजू सैमसन ने बताया, “मैं उस मीटिंग में मौजूद था। राहुल सर ने उसे कमरे में बुलाया और मुझसे कहा, ‘संजू, हमें उससे बात करनी चाहिए। वह अभी बहुत छोटा खिलाड़ी है, इसलिए हमें उसे समझाना होगा कि मैदान पर कैसे खेलना है।’”
इसके बाद राहुल द्रविड़ ने वैभव से उनके मैच प्लान के बारे में पूछा। सैमसन ने बताया राहुल सर ने कहा, “वैभव, तुम्हारा प्लान क्या है?” इस पर वैभव ने जवाब दिया, “कुछ नहीं सर, हम तो बस खेलेंगे।” जब राहुल द्रविड़ ने दोबारा पूछा कि उनका गेम प्लान क्या है, तो वैभव ने बेखौफ अंदाज में कहा, “अगर हमें पहला बॉल मिला तो हम पहला ही उड़ा देंगे।” संजू सैमसन ने आगे हंसते हुए कहा कि मजेदार बात यह है कि वैभव ने मैदान पर वही किया जो उन्होंने मीटिंग में कहा था और ऐसा लगा जैसे ये कोई अलग ही वीडियो गेम खेल रहा है।
ऐसे में अब वैभव सूर्यवंशी की नजर आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स को दूसरी बार चैंपियन बनाने पर है। आईपीएल के पहले सीजन 2008 की विजेता रही राजस्थान रॉयल्स इस बार अपने दूसरे खिताब की तलाश में उतरेगी। टीम अपने अभियान की शुरुआत 30 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में करेगी।