भारत की अंडर-19 टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए एशिया कप 2026 के खिताब को अपने नाम किया। रोमांच से भरे फाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को एक विकेट से हराया। खिताब जीतने के बाद भारतीय टीम आक्रामक अंदाज में जश्न मनाती हुई दिखाई दी। इस बीच, भारतीय टीम के सेलिब्रेशन पर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शोएब अख्तर ने अपनी राय रखी है।
शोएब अख्तर ने कहा कि उन्हें भारतीय टीम का एग्रेसन पसंद आया। उन्होंने कहा, "भारत की अंडर-19 टीम के खिलाड़ियों के लिए मेरा संदेश है कि एग्रेसन जरूर दिखाएं। मुझे यह अच्छा लगा। मगर पाकिस्तान एक कहीं बेहतर टीम थी, पूरे टूर्नामेंट में वह बहुत शानदार रहे। पता नहीं क्यों, वह दबाव नहीं झेल पाए। हमेशा की तरह, भारत को पता है कि अहम मौकों पर दबाव को कैसे संभालना है। भारत को बधाई। उन्होंने कमाल का क्रिकेट खेला। भारत में दम था, भरोसा था और ऐसे खिलाड़ी थे जो मैच खत्म कर सकते थे।"
अख्तर ने कहा कि उनके संबंध आज भी कुछ भारतीय खिलाड़ियों से बहुत अच्छे हैं और वह उनकी तारीफ करते हैं। उन्होंने कहा, "हमें सिर्फ क्रिकेट ही नहीं खेलना है, बल्कि हमें मूल्यों को भी साथ लेकर चलना है। आज भी, मैं सचिन तेंदुलकर के बारे में अच्छी बातें ही कहता हूं। मुझे अभी भी लगता है कि वह दुनिया के सबसे बेहतरीन बल्लेबाज हैं। वीरेंद्र सहवाग और सौरव गांगुली—हम सब अच्छे दोस्त हैं। हमने कभी भी एक-दूसरे के खिलाफ इस तरह की कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।"
अंडर-19 एशिया कप के फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 337 रन बनाए। हालांकि, भारतीय टीम 338 रनों के लक्ष्य को आखिरी गेंद पर हासिल करने में सफल रही। भारतीय टीम को आर्यवीर सहवाग (58 रन) और लक्ष्य रायचंदानी (80 रन) ने अच्छी शुरुआत दी, तो अंत के ओवरों में मनाल चौहान ने 47 और मोहित उल्वा ने 26 गेंदों में 49 रनों की नाबाद पारी खेलकर भारतीय टीम को जीत दिलाई। मोहित ने मैच की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर टीम इंडिया को शानदार जीत दिलाई।
Also Read: LIVE Cricket Score
Article Source: IANS