आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के 7वें मुकाबले में बेशक न्यूजीलैंड को श्रीलंका के हाथों 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा लेकिन इस मैच में कप्तान अमेलिया केर ने अपने शानदार प्रदर्शन से दिल जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ी। सबसे पहले तो उन्होंने बल्ले से 45 रनों का बहुमूल्य योगदान दिया और उसके बाद गेंद से किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 24 रन दिए।
इतना ही नहीं, उन्होंने इस मैच में एक ऐसे रनआउट को अंज़ाम दिया जिसे आप एक बार नहीं बल्कि बार-बार देखना चाहेंगे। ये रनआउट श्रीलंकाई पारी के 8वें ओवर की आखिरी गेंद पर देखने को मिला जब हसिनी परेरा ने केर की गेंद को सर्कल में हल्का सा पुश करते हुए दो रन की कॉल दी। हालांकि, केर ने अपनी ही बॉल पर गेंद के पीछे गजब की चुस्ती दिखाते हुए रनिंग की और 30 यार्ड सर्कल से डायरेक्ट हिट लगाकर परेरा की पारी का अंत कर दिया।
उनके इस रनआउट को देखकर कमेंटेटर्स भी दंग रह गए। आप उनकी इस शानदार फील्डिंग का वीडियो नीचे देख सकते हैं।
She can do no wrong today! #AmeliaKerr nails a direct hit as New Zealand strengthen their grip on the contest!
— Star Sports (@StarSportsIndia) June 16, 2026
ICC Women's #T20WorldCup 2026 | #NZvSL | LIVE NOW https://t.co/C2UzVtlsR0 pic.twitter.com/U1gE78boCS
इस मैच की बात करें तो न्यूजीलैंड की कप्तान अमेलिया केर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। हालांकि टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पहले ही ओवर में इज़ी गेज़ 4 रन बनाकर आउट हो गईं। शुरुआती झटके के बाद जॉर्जिया प्लिमर और कप्तान अमेलिया केर ने दूसरे विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी की। प्लिमर ने 18 गेंदों में 22 रन बनाए, जबकि अमेलिया ने एक छोर संभाले रखा।
ऐसा लग रहा था कि न्यूजीलैंड 160 से ऊपर का स्कोर बना लेगा, लेकिन श्रीलंका की गेंदबाजों ने डेथ ओवरों में शानदार वापसी की। निचले क्रम की बल्लेबाज बड़ा योगदान नहीं दे सकीं और न्यूजीलैंड की टीम 20 ओवर में 150 रन ही बना सकी। 151 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका को विश्मी गुणारत्ने और कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने पहले विकेट के लिए 35 गेंदों में 45 रन जोड़े। विश्मी ने 17 गेंदों में 19 रन बनाए, जबकि अट्टापट्टू ने 19 गेंदों में 27 रन की उपयोगी पारी खेली।
Also Read: LIVE Cricket Score
हालांकि इसके बाद श्रीलंका ने हर्षिता समरविक्रमा (5) और हसीनी परेरा (2) के विकेट रनआउट के रुप में जल्दी गंवा दिए, जिससे मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया। ऐसे समय में निलाक्षिका सिल्वा ने जिम्मेदारी संभाली और शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। निलाक्षिका सिल्वा अंत तक नाबाद रहीं और 37 गेंदों में 54 रन की मैच विनिंग पारी खेली। उनकी इस पारी में 5 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। दूसरे छोर पर कौशानी नुथ्यांगना ने भी अहम योगदान देते हुए सिर्फ 14 गेंदों में 24 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने छठे विकेट के लिए 28 गेंदों में 48 रन की शानदार साझेदारी की और श्रीलंका ने आखिरी ओवर में दो गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।